पद्धर में ससुराल की प्रताड़ना से तंग होकर गर्भवती महिला ने की आत्महत्या, पति व सास गिरफ्तार
जिला मंडी के पद्धर उपमंडल की ग्राम पंचायत पाली के कुलांदर गांव में 29 वर्षीय विवाहिता ने गले में फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।
पद्धर, आशीष भोज। जिला मंडी के पद्धर उपमंडल की ग्राम पंचायत पाली के कुलांदर गांव में 29 वर्षीय विवाहिता ने गले में फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मामला पति और सास द्वारा प्रताड़ित करने का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी पद्धर मदनकांत शर्मा ने स्वयं स्पॉट विजिट कर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपित पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। विवाहिता सुनीता देवी पत्नी संजीव कुमार ने रविवार देर शाम को अपने कमरे में फंदा लगा लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों द्वारा मामले की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी गई। वहीं पद्धर पुलिस को भी सूचित किया गया। रात को पुलिस दल मौके पर रवाना हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतका के पिता राजिंदर कुमार की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ बेटी को प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया है। पिता राजिंदर कुमार के अनुसार चार साल पहले ही उसकी बेटी की शादी हुई थी। सास और पति शुरू से ही बेटी को प्रताड़ित करते थे। जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या का कदम उठाया। मृतका की अभी तक कोई औलाद नहीं थी। बताया जा रहा है कि वर्तमान में उसके पेट में छह माह का गर्भ पल रहा था। डीएसपी पद्धर मदनकांत शर्मा ने बताया मृतका के पति संजीव कुमार और सास नागो देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप