पति से कहासुनी के बाद महिला ने खुद को लगाई आग
सरकाघाट की गाहर पंचायत में एक महिला ने मिट्टी का तेल डालकर अपने आप को आग लगा दी।
संवाद सहयोगी, सरकाघाट : सरकाघाट की गाहर पंचायत में एक महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई है। उसे उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल रेफर किया गया। यहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सोमवार रात करीब 11 बजे 32 वर्षीय ज्योति शर्मा की अपने पति अशोक कुमार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने आवेश में आकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सोए हुए उसके सास व ससुर आ गए। बहू का जलता देख उनके होश उड़ गए। उसके पति व सास और ससुर ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब तक आग को बुझाया तब तक महिला का शरीर जल चुका था। आस पड़ोस के लोग भी वहां आ पहुंचे और ज्योति को निजी वाहन में नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया, लेकिन वहां से भी डॉक्टरों ने उसे पीजीआइ चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया है। डाक्टरों के अनुसार महिला का शरीर 80 फीसद तक जल चुका है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस को बयान दिया है उसने कहा कि कि आग उसने स्वयं लगाई थी। उसका चार साल का लड़का और दो माह की लड़की है। उसका पति मजदूरी करता है। डीएसपी चंद्रपाल ¨सह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।