70 रूटों पर नहीं चली निगम की बसें
बारिश व बर्फबारी से मंडी, कुल्लू व लाहुल स्पीति 70 से अधिक रूट बंद हो गए हैं। इसमें लाहुल स्पीति में यातायात पूरी तरह से ठप है जबकि कुल्लू के 47 व मंडी जिला के 1
संवाद सहयोगी, मंडी : बारिश व बर्फबारी के कारण मंडी, कुल्लू व लाहुल-स्पीति में 70 से अधिक बस रूट बंद हो गए हैं। लाहुल स्पीति में यातायात पूरी तरह से ठप है और कुल्लू के 47 व मंडी के 18 रूटों पर निगम की बसें नहीं चलीं। ये रूट दो दिन से बंद हैं।
सोमवार को मौसम साफ होने के बावजूद यातायात बहाल नहीं हुआ। इससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। परिवहन निगम को भी करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रदेश में पिछले दो दिन मौसम खराब रहा। रविवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। भारी बर्फबारी के कारण सड़कें अवरूद्ध हो गई हैं। शनिवार को रूटों पर पहुंची बसें बर्फबारी के कारण फंस गई हैं। लाहुल बर्फबारी के कारण शेष दुनिया से पूरी तरह से कट गया है। यहां पर यातायात पूरी तरह से ठप है। कुल्लू में भी आधे से ज्यादा क्षेत्रों में बसें नहीं चल रही है। मंडी में 18 रूट बंद हुए हैं। इनमें मंडी डिपो के 12 और सुंदरनगर के छह रूट शामिल हैं। भारी बर्फबारी के कारण छतरी, करसोग, रूआनगलू, कांढा, कल्हणी, कुल्थनी, बगस्याड़ व केलोधार में निगम की बसें फंसी हुई हैं। इस कारण लोगों को निजी वाहन से गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। कुछ लोग कई किलोमीटर पैदल चलकर गंतव्य तक पहुंचे। इससे उन्हें काफी मुश्किलें उठानी पड़ी।
परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक एएन सलारिया ने बताया बारिश व बर्फबारी के कारण बसें रूटों पर नहीं दौड़ पाईं। मौसम साफ होते ही यातायात बहाल कर दिया जाएगा।