डीजे बजाने जा रहे युवकों का वाहन बर्फ पर फिसलकर खाई में गिरा, एक की मौत
vehicle skid on snow, डीजे बजाने जा रहे युवकों का वाहन बर्फ पर फिसलकर खाई में गिर गया, जिसमें एक की मौत हो गई।
जेएनएन, मंडी। पद्धर उपमंडल के घोघरधार में बर्फ पर स्किड होने से एक मालवाहक वाहन खाई में लुढ़क गया। हादसे में वाहन सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक को आंशिक चोटें आई हैं। घटना वीरवार रात आठ बजे के करीब बताई जा रही है। सियून पंचायत के खाना बागला गांव का युवक ओम प्रकाश(30) पुत्र चुन्नी लाल जो डीजे म्यूजिक का काम करता था। घोघरधार से सिल्ह गांव के लिए एक समारोह में डीजे लेकर जा रहा था। लेकिन डायनापार्क से नीचे उतराई में भारी बर्फबारी के कारण सड़क बंद हो जाने से वापस घोघरधार लौट रहा था।
डायनापार्क के पास वाहन बर्फ में स्किड हो जाने से गहरी खाई में जा लुढ़का, जिससे ओम प्रकाश गंभीर जख्मी हो गया व चालक युवक को आंशिक चोटें आईं। जिसने घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को दी। खराब मौसम में ग्रामीणों ने घायल युवक को सिविल अस्पताल पद्धर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पद्धर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। उपमंडलीय पुलिस अधिकारी मदनकांत शर्मा ने कहा मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है। घटना की छानबीन जारी है।