वंदना ने भूपेंद्र से चुकता किया हिसाब
जागरण संवाददाता मंडी प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री एवं जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठ
जागरण संवाददाता, मंडी : प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री एवं जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया ने माकपा नेता भूपेंद्र सिंह से हिसाब चुकता कर दिया है। पांच साल पहले भूपेंद्र सिंह से हारीं वंदना गुलेरिया ने जिला परिषद के चुनाव में भूपेंद्र सिंह को 724 वोटों से मात दी है।
भूपेंद्र सिंह व वंदना गुलेरिया धर्मपुर हलके की ग्रयोह वार्ड से जिला परिषद चुनाव में आमने-सामने थे। भूपेंद्र सिंह को यहां कांग्रेस का साथ लेना भारी पड़ गया। जीत के साथ ही वंदना गुलेरिया की जिला परिषद के अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पुख्ता हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह हलके सराज की ब्रयोगी वार्ड में भी बड़ा उलटफेर हुआ है। भाजपा समर्थित रीता देवी को हार का मुंह देखना पड़ा है। निर्दलीय मीरा कुमारी ने रीता देवी को मात दी है। मीरा भाजपा से संबंध रखती है। प्रत्याशी न बनाए जाए से खफा निर्दलीय चुनाव लड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी कविता कुमारी को मात्र 146 वोट ही मिले। जोगेंद्रनगर के भराडू वार्ड से माकपा नेता कुशाल भाद्वाज विजयी हुए हैं। वह पहली बार किसी सदन के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कई बार किस्मत आजमा चुके थे, मगर निराश ही हाथ लगी थी। लांगणा वार्ड से भाजपा समर्थित ममता भाटिया विजयी रही है। वह 23 साल की उम्र में जिला परिषद में पहुंचने में सफल रही है।
----------
महादेव वार्ड में भाजपा को झटका
नाचन हलके से जिला परिषद की महादेव वार्ड से भाजपा ने सेवानिवृत्त बीपीईओ नंदलाल ठाकुर को मैदान में उतारा था। कांग्रेस की तरफ से दलीप मैदान में थे। यहां कांग्रेस के युवा तुर्क जसवीर ने दोनों को धूल चटाई है। इसी वार्ड से कांग्रेस के चार और बागी किस्मत आजमा रहे थे। जसवीर सिंह के आगे उनकी एक नहीं चली। सभी को मुंह की खानी पड़ी।
---------
नवाही वार्ड में निर्दलीय मुनीष शर्मा जीते
सरकाघाट उपमंडल के नवाही वार्ड से निर्दलीय मुनीष शर्मा जीते हैं। भाजपा ने यहां रविद्र कुमार को मैदान में उतारा था।