किरण बाजार में गिरा सफेदे का पेड़, तीन मकान, एक गाड़ी क्षतिग्रस्त
आनी उपमंडल के तहत शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे आनी कस्बे के साथ किरणबाजार में सफेदे का एक पेड़ एनएच-305 पर सड़क में गिर गया।
संवाद सहयोगी, आनी : आनी उपमंडल के तहत शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे किरण बाजार में सफेदे का पेड़ एनएच-305 पर गिर गया। इस वजह से तीन मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है, जबकि एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार मालिक प्रकाश सुरक्षित है। चैन राम, हेतराम और तावेराम के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा।
लोगों ने पेड़ हटाने से पहले एसडीएम आनी को मौके पर आने का आग्रह किया। इसके बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे और लोगों की बातों को सुना। इस दौरान तीन घंटे तक जाम भी लगा रहा। समय पर पेड़ न हटाने की वजह से आनी, लूहरी, कराना, गुहाटन, कोठी, छतरी आदि के बीच आवाजाही बाधित रही और लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। डीएफओ लूहरी चंद्रभूषण शर्मा का कहना है कि यहां चिन्हित सफेदे के पेड़ों को कटवाने के टेंडर हो गए हैं। बहुत जल्द मार्क किए पेड़ कटवा दिए जाएंगे। एसडीएम आनी चेत सिंह का कहना है कि नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग को निर्देश दिए हैं।