हिमाचल के इस कॉलेज में एसएफआइ-एबीवीपी कार्यकर्ताओं में हुई खूनी झड़प, जमकर चले लात-घूंसे
मंडी के वल्लभ कॉलेज में एबीवीपी व एसफआइ कार्यकर्ताओं के बीच हुई खूनी झड़प में आठ घायल हुए चार कार्यकताओं के सिर पर लगी चोटें।
मंडी, जेएनएन। वल्लभ कॉलेज मंडी में एबीवीपी व एसफआइ कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष में आठ घायल हो गए। इसमें चार कार्यकर्ताओं के सिर पर चोटें आई हैं। घायलों को जोनल अस्पताल मंडी में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
सोमवार को एबीवीपी कार्यकर्ता सुबह से ही कॉलेज परिसर में मांगों के समर्थन में 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठे थे। दोपहर को एसएफआइ कार्यकर्ताओं ने भी मांगों के समर्थन में कॉलेज परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान किसी बात को लेकर एबीवीपी व एसएफआइ कार्यकर्ताओं में कहासुनी हो गई। दोनों संगठनों के कार्यकर्ता आपस में उलझ पड़े। बात हाथापाई तक पहुंच गई और थोड़ी देर बाद लात-घूंसे बरसाने शुरू किए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तेजधार हथियार निकाल लिए और हमला कर दिया। मारपीट में बीए द्वितीय वर्ष का इशान, बीएससी द्वितीय वर्ष का विशाल, बीसीए प्रथम वर्ष का सिद्धार्थ व बीए द्वितीय वर्ष का संतोष घायल हो गया। ये सभी एसएफआइ कार्यकर्ता हैं। जबकि एबीवीपी के चार कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आई हैं। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कॉलेज पहुंची और वहां भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया। इसमें कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। इसमें एक छात्रा भी शामिल है, जिसके पांव में चोट लगी है।
थाने के बाहर प्रदर्शन
पुलिस की कार्रवाई से खफा एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सदर थाना के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में पुलिस के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ता धरने से उठे। एसएफआइ ने एबीवीपी कार्यकर्ता मनोज पांडे, कपिल, अभिषेक गुलेरिया, व विशाल के खिलाफ कार्यकर्ताओं पर हमला करने की सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुनीत रघु ने बताया कि दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाना तलब किया है। मामले की जांच चल रही है।
गुंडागर्दी का माहौल
एबीवीपी के इकाई सचित विशाल का कहना है कि एसएफआइ, सीपीआइएम व सीटू के गुंडे महाविद्यालय में आकर गुंडागर्दी का माहौल बना रहे हैं। एबीवीपी कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे थे तो सीपीआइएम व सीटू के गुंडों ने वहां आकर छात्राओं से बदतमीजी की। आम छात्रों के साथ मारपीट की। पांच कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। पुलिस, प्रशासन व महाविद्यालय प्रशासन इन गुंडातत्वों के खिलाफ उचित कार्रवाई करे नहीं तो आंदोलन उग्र होगा।
एसएफआइ के जिला सचिव रोहित ठाकुर ने बताया कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सुबह साढ़े 10:30 एसएफआइ कार्यकर्ताओं व आम विद्यार्थियों पर हमला किया। एबीवीपी कार्यकर्ता लंबे समय से कॉलेज में गुंडागर्दी कर रहे हैं। नशे में धुत होकर कॉलेज की छात्राओं से छेड़छाड़ करते हैं। कॉलेज प्रशासन व पुलिस इन पर सख्ती से कार्रवाई करे। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के हमले में एसएफआइ के चार कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
जानें कब होंगे हिमाचल में उपचुनाव, कई राज्यों में बज चुका है चुनावी बिगुल