वीरभद्र समर्थकों ने खोला पूर्व मंत्री कौल सिंह के खिलाफ मोर्चा
वीरभद्र समर्थकों की बैठक में पार्टी की स्थिति की पर मंत्रणा के बाद कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने अायी।
मंडी, हंसराज सैनी। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के बिजणी विश्राम गृह में नववर्ष पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर द्वारा पकाई गई खिचड़ी का स्वाद वीरभद्र्र सिंह समर्थकों ने फीका कर दिया है। वीरभद्र सिंह समर्थकों ने कौल सिंह ठाकुर पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर को मजबूत करने के बजाय उन्हें कमजोर करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत कांग्रेस की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से की है।
बिजणी विश्रामगृह में कौल सिंह की बैठक के बाद वीरभद्र समर्थकों ने सुकेत सदन सुंदरनगर में बैठक कर पार्टी संगठन की मौजूदा स्थिति पर मंत्रणा की। इससे कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। वीरभद्र व कौल गुट के नेताओं के बीच रार एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है। कौल सिंह ठाकुर ने दो जनवरी को बिजणी विश्रामगृह में मंडी जिला कांग्रेस नेताओं के साथ गुपचुप बैठक की थी। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष को लेकर चर्चा हुई थी। बैठक के बाद कई नेताओं ने प्रदेशाध्यक्ष के लिए
कौल सिंह ठाकुर व जिला अध्यक्ष के लिए सुंदरनगर के पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर का नाम आगे सरकाया था।
इससे वीरभद्र समर्थकों की सक्रियता एकाएक बढ़ गई थी। बैठक में ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा गया। प्रस्ताव में सभी नेताओं ने पार्टी के वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में विश्वास जताया। साथ ही इस बात की हामी भरी कि जिला व ब्लॉक अध्यक्ष की कमान पार्टी नेतृत्व जिस भी कार्यकर्ता को सौंपेगा वो सबको मान्य होगा। वीरभद्र समर्थक कुलदीप राठौर के साथ चट्टान की तरह खड़े हो गए हैं। इससे कौल सिंह ठाकुर की राह अब आसान नहीं रह गई है। उनके अपने ही घर में विरोध के सुर बुलंद हो गए हैं। बैठक से कौल सिंह ठाकुर व उनके समर्थक नेताओं ने दूरी बनाए रखी।
बैठक में इन नेताओं ने भरी हाजिरी
पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, टेक चंद डोगरा, सुरेंद्र ठाकुर, आश्रय शर्मा, चंद्रशेखर, महंत राम चौधरी, शशि शर्मा, हरेंद्र सेन, वीरेंद्र सूद, अलकनंदा हांडा, चेतराम राम ठाकुर व मस्त राम।
हिमाचल में बर्फबारी के बाद अब पर्यटकों की बहार, होटलों की एडवांस बुकिंग
कलयुगी बेटे की करतूत, मां की हत्या के बाद शव के टुकड़े कर बेडशीट में बांधे