तेज रफ्तार दोपहिया वाहन बने परेशानी
संवाद सहयोगी मंडी शहर की सबसे व्यस्त भूतनाथ गली में तेज रफ्तार से दौड़ रहे दोपहिया वाहन
संवाद सहयोगी, मंडी : शहर की सबसे व्यस्त भूतनाथ गली में तेज रफ्तार से दौड़ रहे दोपहिया वाहन से हादसे का खतरा बढ़ गया है। यहां रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। सबसे व्यस्त गली में तेज रफ्तार वाहनों की स्पीड कम करने के लिए स्पीड ब्रेकर तक की सुविधा नहीं है। लोगों व बुजुर्गो की सुरक्षा को लेकर अब तक जिला प्रशासन ने भी कोई कदम नहीं उठाए हैं। ज्यादा परेशानी बच्चों व बुजुर्गो को पेश आती है।
दुकानदार खेम चंद, नरेंद्र पाल, पवन सिंह, योगराज ने भूतनाथ गली में स्पीड ब्रेकर लगाने या दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। गली तंग होने के साथ सबसे व्यस्त है।
इस गली में पहले भी दोपहिया वाहन से कई लोग चोटिल हुए हैं। बावजूद अब तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। कोरोबारियों का कहना है कि यहां पर पुलिस कर्मचारी तैनात होना चाहिए।
उधर एडीएम श्रवण मांटा ने कहा कि भूतनाथ गली की समस्या ध्यान में है। लोगों की राय लेकर समस्या का समाधान निकाला जाएगा। इस समस्या को लेकर कारोबारियों से भी सुझाव लिए जाएंगे। ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो।