बड़े पर्दे पर छाया मंडी का शेर सिंह
बॉलीवुड में यश कुमार शेरा के नाम से पहचान बना चुके शेर सिंह एक्शन थ्रिलर फिल्म सिंबा में अभिनेता रणबीर सिंह के साथ एक्शन करते नजर आएंगे।
मंडी, जेएनएन। पद्धर उपमंडल के कुफरी भड़वाल गांव का शेरू अब बॉलीवुड का जाना पहचाना चेहरा बन गया है। बॉलीवुड में यश कुमार शेरा के नाम से पहचान बना चुके शेर सिंह की इसी माह के अंत में रोहित शेट्टी की एक्शन थ्रिलर फिल्म सिंबा में शेर सिंह अभिनेता रणबीर सिंह के साथ एक्शन करते नजर आएंगे।
15 साल से बॉलीवुड में अपने दम पर संघर्ष कर रहे शेर सिंह को अब उसकी मेहनत का फल मिलने लगा है। कई फिल्मों और टीवी सीरियल तथा एड फिल्मों में लगातार काम कर रहे शेरा को उनकी पसंद के रोल मिलना शुरू हो गए हैं। शेरा ने बताया कि बॉलीवुड में उन्होंने निर्देशक रोहित शेट्टी की पहली फिल्म जमीन से शुरुआत की है। अब तक रोहित शेट्टी उन्हें अपनी हर फिल्म में किसी न किसी रोल में कास्ट कर चुके हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
यही वजह है कि अब वह सिंबा जैसी फिल्म में रणबीर सिंह, सारा अली खान, सोनू सूद के साथ महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। शेरा ने बताया कि अभिषेक चौबे की सोन चिरैया फिल्म में वह मनोज वाजपेयी के साथ डाकू की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म अगले साल जनवरी में रिलीज होने वाली है। आजकल वह यशराज बैनर की शमशेरा फिल्म की शू¨टग में व्यस्त हैं। शेरा की दो और बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली है। इनमें ऋतिक रोशन के साथ सुपर थर्टी और सूरज पंचोली के साथ सेटेलाइट शंकर में अहम किरदार है।
इस फिल्म की शूटिंग हिमाचल और चाइना बार्डर के साथ छितकुल में भी हुई है। शेर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर अरुण गवली के जीवन पर बनी अर्जुन रामपाल अभिनित डैडी फिल्म से उसके करियर में टर्निग प्वाइंट आया है। हिमाचल के छोटे से गांव से मायानगरी में संघर्ष के बूते अपनी पहचान बनाने वाले शेर सिंह उर्फ यश कुमार शेरा आने वाले दिनों में अभिनय की दुनिया में सितारे की तरह चमक बिखेरेगा। ऐसी उम्मीद की जानी चाहिए।