विकास कार्यो के लिए स्वीकृत बजट समय पर करें खर्च
संवाद सहयोगी जोगेंद्रनगर जोगेंद्रनगर हलके में प्रदेश व केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न विक
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : जोगेंद्रनगर हलके में प्रदेश व केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न विकास कार्यो के लिए स्वीकृत पैसा खर्च न होने पर जलशक्ति एवं राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को समय पर राशि खर्च करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 2001 से 2020 तक खर्च राशि न करने वाले अधिकारियों को 16 अगस्त तक स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को जोगेंद्रनगर में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ खर्च न हुई धनराशि को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए।
विकास खंड चौंतड़ा में करीब 20 करोड़ व लोक निर्माण विभाग के पास 24 करोड़ खर्च नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी 2001 से खर्च न हुई धनराशि के सही आंकडे़ प्रस्तुत करें। सभी विभाग खर्च न हुई धनराशि को लेकर क्षेत्र के सांसद व विधायक के साथ व्यापक चर्चा कर खर्च करना सुनिश्चित बनाएं। विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए अधिकारी फील्ड में जाकर कार्य करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सांढ़ापत्तन पुल को 31 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान महेंद्र सिंह ठाकुर ने 16 करोड़ से निर्माणाधीन मिनी सचिवालय परिसर के बी ब्लॉक के कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा जन सुविधा के लिए राजस्व विभाग में व्यापक सुधार लाने के दृष्टिगत एक पत्र सभी अधिकारियों को प्रेषित किया गया है इसमें लिखित में सुझाव मांगें गए हैं। कुल 23 बिदुओ पर सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। इस मौके पर पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज जम्वाल, विधायक प्रकाश राणा उपस्थित रहे।
------------------
जल जीवन मिशन के तहत खर्च हो रहे 56 करोड़
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जोगेंद्रनगर विधानसभा स क्षेत्र में प्रथम चरण में करीब 56 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। तुलाह की पेयजल आपूर्ति योजना के सुधार पर 3.36 करोड़, विभिन्न बस्तियों के लिए 2.27 करोड़, लडभड़ोल के विभिन्न गांवों के लिए लगभग 36.32 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना, पंचायत बिहू व नौहली की विभिन्न बस्तियों के लिए करीब 10 करोड़ तथा सिमस व सांढ़ा गांवों के लिए 3.76 करोड़ की पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 114 करोड़ सिचाई योजनाओं पर खर्च होंगे। इसमें जोगेंद्रनगर क्षेत्र की हाइड्रो कूहल के निर्माण पर लगभग 24 करोड़, लडभड़ोल क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लिए लगभग 42 करोड़, मैन भरोला, टिक्कर, डोहग, सैंथल तथा चौंतड़ा क्षेत्र के लिए लगभग 49 करोड़ की सिचाई योजना शामिल है। बाढ़ नियंत्रण के लिए लगभग 30 करोड़ की विकास योजनाओं को स्वीकृति के लिए भेजा है।