मंडी से अगवा हुई नाबालिग से तीन लोगों ने किया दुष्कर्म
मंडी से अगवा हुई एक किशोरी के साथ एक दुकानदार ने तथा बाद में दिल्ली के गोकुलपुरी में बाप-बेटे ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
मंडी, जेएनएन। मंडी शहर से करीब दो सप्ताह पहले अगवा हुई नाबालिग के साथ स्थानीय बस स्टैंड के एक दुकानदार ने तथा बाद में दिल्ली के गोकुलपुरी में बाप-बेटे ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी को दिल्ली के गोकुलपुरी से बरामद कर मेडिकल जांच के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मेडिकल जांच में चिकित्सकों ने नाबालिग से दुष्कर्म की पुष्टि की है।
सदर हलके की रहने वाली नाबालिग 13 नवंबर को घर से बाजार के लिए निकली थी। बाजार में सामान आदि खरीदने के बाद वह घर जाने के लिए बस स्टैंड गई। यहां उसे 37 वर्षीय हरी ¨सह उर्फ काकू पुत्र लाल ¨सह निवासी कठलग मिला, जो बस स्टैंड में दुकान करता है। वह किशोरी को बहला-फुसला कर क्वार्टर ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया व दो दिन तक बंधक बनाकर रखा। दुष्कर्म करने के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी शादी धर्मपुर में किसी युवक से करवाने का दिलासा दिया।
हरी सिंह ने किशोरी को भानु नामक एक युवक के साथ धर्मपुर भेज दिया। लेकिन नाबालिग होने के कारण शादी नहीं हो सकी। इसके बाद 16 नवंबर को भानु नाबालिग को लेकर मंडी आ गया और 1500 रुपये देकर दिल्ली की बस में बिठा दिया। 17 नवंबर की सुबह दिल्ली पहुंचने पर किशोरी ने अजमेरी गेट से चांदनी चौक जाने के लिए ऑटो लिया। ऑटो चालक विकास उर्फ छोटू पुत्र जोगेंद्र सिंह उसे चांदनी चौक ले जाने के बजाय गोकुलपुरी ले गया।
यहां वह अपने पिता के साथ पवन कुमार मकान संख्या एफ-339 ब्लॉक गली नंबर सात, गंगा बिहार गोकुलपुरी के मकान में किराये पर रहता है। यहां बाप-बेटे ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और उसे बंधक बना लिया। दोनों आरोपितों ने किशोरी को बेचने का प्रयास भी किया। लेकिन इससे पहले कि वह सफल होते पुलिस ने उन्हें धर लिया। किशोरी को अगवा करने के बाद आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया था। उसके परिजनों ने पुलिस थाना सदर में उसके अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई थी। दो दिन पहले किशोरी का मोबाइल फोन ऑन हुआ। लोकेशन मिलते ही मंडी पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हुई। वहां दिल्ली पुलिस की मदद से गोकुलपुरी में दोनों आरोपितों को धर दबोचा और किशोरी को भी बरामद कर लिया। वीरवार रात मंडी पहुंचने पर किशोरी ने आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने हरी सिंह के क्वार्टर पर दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
दुष्कर्म के तीनों आरोपितों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
-गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक, मंडी।