ट्रैक्टर ट्राली खाई में गिरने से मजदूर की मौत, तीन घायल
बल्ह हलके की हल्यातर पंचायत के लोहारड़ी गांव में वीरवार रात ट्रैक्टर ट्राली के खाई में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को उपचार के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में भर्ती करवाया गया है
सहयोगी, रिवालसर : बल्ह हलके की हल्यातर पंचायत के लोहारड़ी गांव में वीरवार रात ट्रैक्टर ट्राली के खाई में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को उपचार के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी लोग डुलग से बनौण मार्ग पर हो रही टारिग के काम के लिए गए हुए थे। रात को वहां से ट्रैक्टर ट्राली में अपने क्वार्टर आ रहे थे। लोहारड़ी के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गया। ट्रैक्टर ट्राली में चालक सहित पांच लोग सवार थे।
ग्रामीणों ने खाई में कुछ गिरने की आवाज सुनी तो इसकी सूचना पंचायत प्रधान रोशनलाल को दी। रोशन लाल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस को फोन करके मौके पर बुलाया गया। घायलों को खाई से निकाल कर सड़क तक पहुंचाया गया। देवेंद्र कुमार पुत्र टीकम राम गांव मसरानी (गोहर) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में हितेश शर्मा पुत्र पुष्पराज गांव मझवाड़ की एक बाजू कट गई है। उसे पीजीआइ चंडीगढ़ को रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों की पहचान मुरारी लाल पुत्र हुकम चंद गांव तुंगला धार जंजैहली व जीत राम पुत्र नानकु गांव लोहारड़ी के रूप में हुई है। ट्रैक्टर टिक्कर गांव का रहने वाला कुशाल शर्मा चला रहा था। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा का कहना है कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।