मंडी: शादी समारोह से लौट रहे युवकों की गाड़ी खाई में गिरी, एक की मौत व तीन घायल
Sumo Fall down ghatasani मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर घटासनी के पास एक टाटा सूमो के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई।
पधर (मंडी), जेएनएन। मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर घटासनी के पास एक टाटा सूमो के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार अन्य तीन युवक जख्मी हुए हैं। इनमे गंभीर जख्मी दो युवकों को सिविल अस्पताल जोगेंद्रनगर से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना शनिवार रात 11 बजे के करीब हुई। टाटा सूमो एचपी01डी3598 में सवार युवक घटासनी में अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के बाद एक दोस्त को घरेहड़ गांव में घर छोड़ने जा रहे थे। मात्र सौ मीटर की दूरी पर ही वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
चालक के नियंत्रण खोने से वाहन लगभग सौ मीटर नीचे लुढ़क गया। वाहन में सवार संजय कुमार 29 वर्ष पुत्र देवराज गांव घरेहड़ डाकघर झटींगरी की मौत हो गई। साजु राम 41 पुत्र ब्रिज लाल घटासनी लखवान, प्रेम सिंह 28 पुत्र साधु राम गांव रोपडू भलाना और जनक राज 30 पुत्र महेंद्र सिंह गांव भटवाड़ी गुम्मा जख्मी हो गए। गंभीर जख्मी साजु राम और प्रेम सिंह को प्राथमिक उपचार बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जबकि जनक राज को अस्पताल से छूटी दे दी है। पधर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। घटना में हताहत हुआ युवक संजय अपने माता पिता का इकलौता चिराग था। घटना से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर छाई है। डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप