विक्टोरिया पुल से चौहाटा बाजार तक नो पार्किंग जोन
विक्टोरिया पुल से चौहाटा बाजार तक अब कोई भी वाहन सड़क पर नहीं पार्क होगा।
जागरण संवाददाता, मंडी : विक्टोरिया पुल से चौहाटा बाजार तक अब कोई भी वाहन सड़क पर नहीं रुकेगा। इस मार्ग पर सड़क किनारे भी कोई वाहन खड़ा नहीं होगा। शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन ने इस मार्ग को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। चौहाटा बाजार से विक्टोरिया पुल तक सड़क काफी तंग है। इसके साथ यहां पर मार्केट, सरकारी कार्यालय व स्थानीय लोगों के मकान होने के कारण यह क्षेत्र भीड़भाड़ वाला है। यहां पर दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रहती है। वाहनों की आवाजाही के कारण यहां अकसर जाम लग जाता है। ऑटो चालक जगह-जगह ऑटो खड़ा कर देते हैं, इससे आवागमन बाधित होता है और हादसे का भी अंदेशा बना रहता है। मंडी शहर में सड़क पर वाहन के रुकने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, इस कारण यातायात बहाल करने के लिए यातायात पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी।
दैनिक जागरण के हेलो जागरण कार्यक्रम में इस समस्या को लोगों की ओर से प्रशासन के समक्ष उठाया गया था, जिसे प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया है।
उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने अधिसूचना जारी कर चौहाटा से विक्टोरिया पुल की ओर नो पार्किंग तथा नो स्टॉ¨पग जोन घोषित किया है। इस आदेश के लागू होने से शहर में ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सकता है, इससे लोगों का आवागमन भी सुगम हो जाएगा।