कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मलोरी टनल के ऊपर भवन बनाएगा NHAI, तीन मंजिला कार्यालय में होंगे छह चैंबर
NHAI कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी बाईपास के तहत मलोरी सुरंग के ऊपर अपना अत्याधुनिक तीन मंजिला कार्यालय भवन बनाएगा।

मनाली फोरलेन पर एनएचएआई भवन का निर्माण करेगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मलोरी सुरंग के ऊपर बनेगा NHAI का तीन मंजिला कार्यालय।
किराए के भवन से मिलेगी निजात, आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध।
भूतल पर पार्किंग, छह चैंबर और विशाल कांफ्रेंस हॉल।
जागरण संवाददाता, मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के कार्य को और गति देने की दिशा में एनएचएआई ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडी बाईपास के तहत आने वाली मलोरी की दूसरी सुरंग के ऊपर एनएचएआइ का अत्याधुनिक कार्यालय भवन बनाया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के मूर्त रूप लेने से लंबे समय से किराये के भवन में चल रहे कार्यालय की समस्या से विभाग को आखिरकार निजात मिल जाएगी।
करीब डेढ़ बीघा भूमि पर बनने वाले इस तीन मंजिला प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है।
वर्तमान में एनएचएआइ का यह कार्यालय मंडी के चक्कर क्षेत्र में एक निजी भवन से संचालित हो रहा है, जिससे अधिकारियों और आमजन को कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
पार्किंग की व्यवस्था भी होगी
प्रस्तावित योजना के अनुसार, इस नए प्रशासनिक भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। भवन के भूतल पर लगभग 10 वाहनों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था होगी, जिससे अधिकारियों और यहां आने वाले आगंतुकों को वाहन पार्क करने में कोई असुविधा नहीं होगी।
तीन मंजिला ढांचा बनेगा
इसके अलावा, भूतल को मिलाकर कुल तीन मंजिला इस ढांचे में परियोजना निदेशक (पीडी) सहित सभी प्रमुख तकनीकी अधिकारियों के बैठने के लिए छह अलग-अलग चैंबर बनाए जाएंगे।
ऊपरी मंजिलों पर अन्य स्टाफ के बैठने के लिए पूरी तरह से कारपोरेट संस्कृति की तर्ज पर आधुनिक कार्यस्थल की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही उच्चस्तरीय बैठकों के आयोजन के लिए एक विशाल और सुसज्जित कांफ्रेंस हाल का निर्माण भी किया जाएगा।
निर्माण कार्य के लिए औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही धरातल पर काम शुरू होने की उम्मीद है। यह कार्यालय जिला मुख्यालय से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर होगा।
यह भी पढ़ें: मंडी-पठानकोट फोरलेन: नारला से बिजणी सड़क निर्माण में कमियां, पुल की अप्रोच में दरारों से हादसे की आशंका
