खेगसू में वाजपेयी को सुनने के लिए उमड़े थे हजारों लोग
पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी वर्ष 1982 में आनी विधानसभा के लुहरी के समीप खेगसू के कुसुंबा भवानी मंदिर परिसर में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं।
आनी, जेएनएन। पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी वर्ष 1982 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते आनी विधानसभा के लुहरी के समीप खेगसू के कुसुंबा भवानी मंदिर परिसर में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। आनी भाजपा को सिंचित करने वाले वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गंगा राम चंदेल ने बताया बात 19 अप्रैल 1982 की है, जब प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने थे और आनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार का नाम घोषित होना था। इसके लिए खेगसू स्थित कुष्मांडा भवानी मंदिर परिसर को चुना गया।
19 अप्रैल को जिस दिन अटल बिहारी वाजपेयी ने आना था उस दिन उनकी एक झलक पाने को आनी, दलाश, कुंगश, कराना, निरमंड, निथर, जलोड़ी के अलावा कोटगढ़, कुमारसैन, सुकेत इलाकों से ट्रकों, बसों में भरकर और पैदल चलकर लोग खेगसू पहुंचे। यहां सभी की सहमति से अटल बिहारी वाजपेयी ने उस वक्त खूब राम आनंद का नाम विधायक पद के उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया था। जो जीतकर विधानसभा में गए। खेगसू में दिए गए अटल बिहारी वाजपेयी के भाषण को जिसने भी सुना उसे उनके बोल आज भी याद हैं। आनी की जनता आज भी भाजपा के उस बोल को याद कर रही है।
आनी में दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के वीरवार को हुए निधन के शोक स्वरूप व्यापार मंडल आनी ने शुक्रवार को आधा दिन बाजार बंद रखा। वहीं भाजपा मंडल ने दुर्गा माता मंदिर सराय भवन में सुबह 11 बजे एक शोक सभा की। विधायक, भाजपा मंडलाध्यक्ष अमर ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता गंगा राम चंदेल सहित अन्य ने अटल जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।