नवरात्रों में नए घर में गृहप्रवेश का देखा था सपना, कलयुगी बेटे के वार ने छीन ली मस्त राम की सांसें
मंडी के पद्धर में एक बेटे ने अपने पिता मस्त राम की जान ले ली, जिससे नवरात्रों में नए घर ...और पढ़ें

हिमाचल में बेटे ने की पिता की हत्या।
HighLights
मंडी के पद्धर में बेटे ने पिता मस्त राम की हत्या की
पिता का नवरात्रों में नए घर में गृहप्रवेश का सपना अधूरा रहा
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहा था नया आशियाना
आशीष भोज, पद्धर। तिनका-तिनका जोड़कर सिर छिपाने के लिए एक छत बनाई थी। आंखों में सपना था कि आने वाले नवरात्रों में पूरा परिवार हंसते-खेलते नए घर में गृहप्रवेश करेगा। लेकिन समय की संगदिली और बेटे के एक वार ने मस्त राम की जिंदगी का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया।
जिस घर की दीवारों पर खुशियों के रंग चढ़ने थे, वहां अब चीख-पुकार और मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। पद्धर उपमंडल के चेली गांव के रहने वाले मस्त राम पेशे से मजदूरी करता था। मेहनत-मजदूरी से परिवार का गुजर-बसर करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाइ) के तहत तीन कमरों के पक्के मकान का निर्माण शुरू करवाया था।
नवरात्रों में था गृह प्रवेश का सपना
खून-पसीने की कमाई से बना यह आशियाना लगभग बनकर तैयार हो चुका था। दीवारों पर पलस्तर का काम चल रहा था। मस्त राम की हसरत थी कि नवरात्रों के शुभ अवसर पर रंग-रोगन करवाकर पूरे परिवार के साथ नए घर में कदम रखेंगे। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि काल उनके ही घर में दस्तक दे रहा है।
सनकी स्वभाव के बड़े बेटे ने छीनी पिता की जिंदगी
ग्रामीणों के अनुसार, मस्त राम के बड़े बेटे दीपक का स्वभाव शुरू से ही कुछ सनकी था। उसी बेटे ने पिता के सपनों को पल भर में चकनाचूर कर दिया और मस्त राम पर जानलेवा हमला कर उनकी जीवन लीला समाप्त कर दी।
मस्त राम का छोटा बेटा कृष्ण मनाली में काम करता है, जबकि बेटी रवीना की दो साल पहले पालमपुर में शादी हुई थी। घटना के बाद से चेली गांव में शोक की लहर है।
जिस आशियाने को मस्त राम ने अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद में खड़ा किया था, आज उसी की चौखट पर उनकी पत्नी बेसुध पड़ी हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं, लेकिन उनकी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।
एक पिता का अपने घर का सपना तो पूरा हो गया, लेकिन उसमें रहने की हसरत अधूरी ही रह गई।
यह भी पढ़ें- जमीन के बदले हिमाचल प्रदेश सरकार ने कितने लोगों को दिया मुआवजा, BJP प्रवक्ता राजेंद्र राणा सुक्खू पर हमला
