विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में पूर्व कांग्रेस नेता का होटल सील, करोड़ों रुपये का लोन न चुकाने पर कांगड़ा बैंक ने की कार्रवाई

By Subhash Ahluwalia Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 09 Jun 2026 06:36 PM (IST)

पूर्व कांग्रेस नेता युद्धचंद बैंस का निर्माणाधीन होटल करोड़ों के बैंक ऋण का भुगतान न करने पर कांगड़ा बैंक ने ...और पढ़ें

कांगड़ा बैंक ने पुलिस की मौजूदगी में पूर्व कांग्रेस नेता का होटल सील कर दिया।

कांगड़ा बैंक ने पुलिस की मौजूदगी में पूर्व कांग्रेस नेता का होटल सील कर दिया।

HighLights

  1. पूर्व कांग्रेस नेता युद्धचंद बैंस का निर्माणाधीन होटल सील।

  2. कांगड़ा बैंक ने करोड़ों रुपये का ऋण न चुकाने पर की कार्रवाई।

  3. मंडी के बल्ह में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई।

सहयोगी, नेरचौक (मंडी)। बहुचर्चित बैंक ऋण मामले में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) की ऊना शाखा ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। बैंक प्रबंधन ने मंडी जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल की उपस्थिति में बल्ह उपमंडल के नलसर स्थित पूर्व कांग्रेस नेता एवं स्थानीय व्यापारी युद्धचंद बैंस के एक निर्माणाधीन होटल परिसर को अपने कब्जे में लेकर पूरी तरह सील कर दिया।

सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में कड़े बंदोबस्त किए गए थे और यह कानूनी प्रक्रिया कई घंटों तक चली। संबंधित डिफाल्टर व्यापारी काफी समय से बैंक से लिए गए करोड़ों रुपये के ऋण का भुगतान नहीं कर पा रहा था।

ऋण चुकता न करने पर की कार्रवाई 

बैंक द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद ऋण चुकता न करने पर प्रबंधन ने नियमानुसार संपत्ति को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की। हाल के दिनों में यह मामला क्षेत्र में काफी गरमाया हुआ था, क्योंकि व्यापारी ने बैंक अधिकारियों की कार्यप्रणाली और संपत्ति के मूल्यांकन पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी।

कंटीली तार लगाकर की बाड़बंदी

मंगलवार को तहसीलदार बल्ह सुभाष ठाकुर, क्षेत्रीय कानूनगो रोशन लाल और स्थानीय पटवारी की उपस्थिति में बैंक के आला अधिकारियों ने निर्माणाधीन होटल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पैमाइश की। कार्रवाई के तहत होटल भवन के भीतर मौजूद निर्माण सामग्री और अन्य कीमती सामान का विस्तृत ब्योरा तैयार कर उसे सूचीबद्ध किया गया। इसके बाद पूरी संपत्ति के चारों ओर कंटीली बाड़ लगाकर उसे आधिकारिक तौर पर सीलबंद कर दिया गया। बैंक ने मुख्य द्वार पर अपने कब्जे का कानूनी नोटिस भी चस्पा कर दिया है।

तैनात की थी क्यूआरटी

कब्जे की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के गतिरोध या कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए बल्ह थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और पुलिस त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूआरटी) मौके पर मुस्तैद रही। प्रशासन और पुलिस के कड़े रुख के चलते पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और नियमानुसार संपन्न हो गई। बैंक प्रबंधन का कहना है कि डिफाल्टरों के खिलाफ यह सख्त रुख आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: मणिकर्ण में फोटो खिंचवाते नदी में बहे पंजाब के तीन पर्यटक, दो कुछ दूरी पर किनारे लगे; तीसरे को बचाव दल ने निकाला