हिमाचल के कैंसर मरीजों को अब मंडी में मिलेगा बेहतर इलाज, CM सुक्खू ने अस्पताल व 60 करोड़ की मशीनरी का उद्घाटन किया
हिमाचल प्रदेश के मंडी में लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में 60 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया।

जिला मंडी के बल्ह क्षेत्र में पहुंचे सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण
HighLights
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 60 करोड़ का कैंसर केयर सेंटर खुला।
लीनियर एक्सीलेटर, 3टी एमआरआई जैसी आधुनिक मशीनें स्थापित की गईं।
मध्य हिमाचल के मरीजों को अब शिमला-चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा।
जागरण संवाददाता, मंडी। मध्य हिमाचल प्रदेश के कैंसर मरीजों और उनके स्वजन के लिए राहत भरी खबर है। अब रेडिएशन थेरेपी, एडवांस स्कैनिंग और गंभीर कैंसर उपचार के लिए मरीजों को आईजीएमसी शिमला या पीजीआई चंडीगढ़ के लंबे और थकाऊ चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में अब यह सुविधा मिलेगी। इसके लिए करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर में लीनियर एक्सीलेटर, सीटी सिमुलेटर और 3टी एमआरआइ मशीनें स्थापित की गई हैं।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को इसका उद्घाटन किया। इसके साथ ही दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पैट-सीटी केंद्र के भवन का शिलान्यास भी किया। यह भवन भंगरोटू मैदान में करीब पांच बीघा भूमि में बनेगा। इस केंद्र के शुरू होने से विशेष रूप से मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और लाहुल-स्पीति जिले के हजारों मरीजों को समय पर और बिना किसी परेशानी के इलाज की सुविधा मिलेगी।
क्यों खास है ये मशीनरी
अस्पताल में स्थापित 3टी एमआरआइ मशीन पारंपरिक 1.5टी मशीनों से दोगुनी शक्तिशाली है, जो शरीर के आंतरिक अंगों और ऊतकों के बेहद सटीक व उच्च-गुणवत्ता वाले 3डी चित्र तैयार करती है। कैंसर अस्पताल में स्थापित लीनियर एक्सीलेटर मशीन उच्च-ऊर्जा एक्स-रे से कैंसर कोशिकाओं को सटीक निशाना बनाकर नष्ट करती है और आसपास के स्वस्थ ऊतकों को बचाती है। इससे आइएमआरटी जैसी आधुनिक थेरेपी संभव होगी।
सीटी सिमुलेटर मशीन ट्यूमर के सटीक स्थान का नक्शा करेगी। इससे रेडिएशन की सही मात्रा तय करने में मदद मिलती है। दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पैट सीटी केंद्र में संयुक्त स्कैनर लगेगा, जो ट्यूमर के प्रसार और मेटाबालिज्म को ट्रैक कर सटीक स्टेजिंग में मदद करेगा।
रथ पर सवार होकर पहुंचे सीएम
इससे पहले मुख्यमंत्री सुक्खू कंसा चौक में 18 अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन शिलान्यास किया। कार्यकर्ताओ ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। वह डडौर चौक से कंसा मैदान तक रथ पर आए।
