हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह का एलान, 2027 में बेटा संभालेगा धर्मपुर; अपनी भूमिका भी की तय
पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने घोषणा की है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके बेटे रजत ठाकुर धर्मपुर ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता महेंद्र सिंह ठाकुर व अन्य पदाधिकारी।
HighLights
महेंद्र सिंह ने बेटे रजत को 2027 चुनाव का नेता घोषित किया।
स्वयं मार्गदर्शक बनकर जमीनी स्तर पर कार्य करेंगे।
वर्तमान सरकार पर विकास रोकने, कॉलेज बंद करने का आरोप।
सहयोगी, संधोल (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान किया है। धर्मपुर के संधोल में बुधवार को आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 के चुनाव में उनका बेटा रजत ठाकुर धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व संभालेगा, जबकि वह स्वयं एक मार्गदर्शक के रूप में जमीनी स्तर पर जनता के बीच रहकर कार्य करेंगे।
पुराने तेवर में दिखे महेंद्र सिंह
अरसे बाद अपने पुराने तेवर में नजर आए महेंद्र सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि संधोल की जनता ही उन्हें अंगुली पकड़कर राजनीति में लाई थी। निर्दलीय विधायक से शुरू हुआ उनका 32 वर्षों का सफर आज भी जनता के आशीर्वाद से जारी है।
स्थानीय विधायक को लिया आड़े हाथ
उन्होंने वर्तमान प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास पूरी तरह ठप हो चुका है। पूर्व भाजपा सरकार के समय मंजूर की गई करोड़ों रुपये की परियोजनाएं अब फाइलों में दबकर रह गई हैं। संधोल महाविद्यालय को बंद करने की चर्चाओं पर कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस संस्थान के साथ छेड़छाड़ हुई, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
बदहाली के लिए सरकार को जिम्मेदार
साथ ही, उन्होंने अस्पताल भवन के रुके हुए निर्माण कार्य, मिनी सचिवालय की पार्किंग और सीवरेज प्रोजेक्ट की बदहाली के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने तंज कसा कि खुद को पढ़ा-लिखा बताने वाले लोग क्षेत्र के लिए एक करोड़ रुपये की नई योजना तक नहीं ला पाए।
जिला परिषद प्रत्याशी के लिए किया प्रचार
जिला परिषद वार्ड सोहर से भाजपा समर्थित उम्मीदवार अंजना कुमारी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिछले प्रधान पद के कार्यकाल के अनुभव से क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय की फटकार के बाद हो रहे ये चुनाव प्रदेश सरकार को आईना दिखाने का काम करेंगे। इस अवसर पर पूर्व भाजपा प्रत्याशी रजत ठाकुर, पूर्व जिला पार्षद कश्मीर सिंह, मीना कुमारी, राजेंद्र मंढोत्रा मौजूद रहे।
