गुलाबा में भूस्खलन, आठ घंटे बंद रहा लेह मार्ग
गुलाबा में भूस्खलन से आठ घंटे तक यातायात बंद रहा।
जागरण संवाददाता, मनाली : मौसम के बदले तेवर अब यात्रियों पर भारी पड़ने लगे हैं। पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी होने व घाटी में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को गुलाबा में भूस्खलन होने से मनाली-लेह मार्ग करीब आठ घंटे तक बंद रहा। हालांकि मंगलवार होने के कारण रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद रहा, लेकिन मनाली से लाहुल जाने व लेह से मनाली आने वाले सैलानी गुलाबा के पास आठ घंटे फंसे रहे। लगातार बारिश होने से गुलाबा से रोहतांग के बीच कई जगह भूस्खलन हो रहा है।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे गुलाबा के पास भारी भूस्खलन हुआ, जिससे मार्ग बंद हो गया। बीआरओ ने आठ बजेसड़क बहाली का कार्य शुरू किया और दोपहर दो बजे के बाद यातायात सुचारू हुआ। सोमवार को भी बारालाचा में बर्फ पड़ने से मार्ग बंद हो गया था। वहीं कुंजम जोत में हालांकि बर्फ के फाहे गिर रहे हैं, लेकिन आवाजाही फिलहाल जारी है। शिकुला दर्रे में आठ इंच से अधिक बर्फ पड़ गई है। इससे जांस्कर घाटी का लाहुल से संपर्क कट गया है। बीआरओ ने बारालाचा दर्रे में तो यातायात बहाल कर दिया है लेकिन शिकुला की ओर अभी सड़क तीन दिन से बंद है। उपायुक्त लाहुल स्पीति केके सरोच ने लोगों से आग्रह किया कि मौसम खुलने तक शिकुला व बारालाचा दर्रे को आरपार न करें। वहीं बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि बारालाचा दर्रे सहित पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। गुलाबा में भूस्खलन से बंद सड़क खोल दी है। बारालाचा दर्रे को बहाल कर दिया है, लेकिन बर्फबारी का दौर ऐसा ही रहा तो लेह मार्ग में यातायात प्रभावित हो सकता है।