घर जाने से रोकने पर की थी मजदूर ने कारोबारी की हत्या
घर जाने से रोकने पर तैश में आकर परवेज हुसैन लक्सर ने कारोबारी श्याम लाल की हत्या कर दी थी।
जागरण संवाददाता, मंडी : घर जाने से रोकने पर तैश में आकर परवेज हुसैन लश्कर ने कारोबारी श्याम लाल की हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के कुछ मिनट बाद ही आरोपित कनैड से फरार हो गया था। वह कारोबारी के पर्स से 2000 रुपये निकालकर ले गया था। इससे आरोपित ने 1700 रुपये खर्च कर लिए थे। मात्र 300 रुपये बाकी थे।
आरोपित को सुंदरनगर पुलिस ने वीरवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। परवेज हुसैन लश्कर 15 दिन पहले ही कनैड़ आया था। कारोबारी के यहां काम करने वाला दूसरा मजदूर उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर का रहने वाला है। वह रविवार सुबह ही घर चला गया था। मोबाइल लोकेशन से इस बात की पुष्टि हो गई है। सुंदरनगर पुलिस ने 30 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझाकर, आरोपित को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
आरोपित की मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस उसका पीछा करते हुए अजमेर पहुंच गई। इससे पहले आरोपित वहां दरगाह में जाकर छिपता, पुलिस ने उसे धर दबोचा। परवेज ने गुनाह कबूल कर लिया है।
---
नशे में नहीं संभल पाया श्याम :
उत्तर प्रदेश निवासी साथी मजदूर के जाने के बाद परवेज भी घर जाना चाहता था। लेकिन श्याम लाल ने उसे भेजने से मना कर दिया था। गुस्से में आकर उसने अपनी कलाई भी काट ली थी। श्याम लाल ने रविवार शाम उसका कनैड में एक निजी क्लीनिक में उपचार करवाया था। उसके बाद वह परवेज के क्वार्टर चला गया। वहां दोनों ने खाना बनाया। श्याम लाल ने खाना खाते समय शराब पी। इसके बाद उनमें पैसे व घर जाने को लेकर विवाद हो गया। तैश में आकर परवेज ने श्याम लाल के सिर पर पहले लोहे की रॉड फिर कड़ाही से प्रहार कर दिया। नशे में होने की वजह से श्याम लाल को संभलने का मौका नहीं मिला। वह अचेत होकर फर्श पर गिर गया।
---
रात को ही फरार हो गया था शातिर :
कंबल ढांपने के बाद रात आठ बजे के करीब परवेज क्वार्टर से निकला। कनैड से दिल्ली जाने वाली बस में बैठा। दिल्ली पहुंचते ही उसने जयपुर की बस ली। जयपुर से अजमेर चला गया। पुलिस को इस वारदात की सूचना सोमवार सुबह आठ बजे के करीब मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने टेक्निकल सेल को सक्रिय किया व तीस घंटे में उसे दबोच लिया।
----
परवेज घर जाने की जिद कर रहा था। लेकिन श्याम लाल ने उसे घर भेजने से मना कर दिया था। इसके बाद विवाद हो गया व उसने कारोबारी की हत्या कर दी।
-गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक, मंडी।