हैलो..सोनी जी, कैसे हैं हिमाचल के हाल
हैलो सोनी जी कैसे हैं।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर : 'हैलो.. सोनी जी, कैसे हैं। हिमाचल का हाल क्या है। कोरोना महामारी से लोग किस प्रकार खुद और परिवार को बचा रहे हैं।' फोन पर इस आवाज को सुनकर जिला मंडी के सुंदरनगर के भाजपा कार्यकर्ता अदीप सोनी थोड़ी देर तो असमंजस में रहे। फिर सामने से आवाज आई कि सोनी जी, जगत प्रकाश नड्डा बोल रहा हूं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कोरोना महामारी से पैदा हुए हालातों के बारे में जानकारी लेने के लिए सुंदरनगर के अदीप सोनी सहित गोहर के पूर्व मंडलाध्यक्ष गिरधारी लाल, मुरारी राणा और प्रेम सिंह को भी फोन कर उनसे फीडबैक लिया। नड्डा ने पहले सोनी और अन्य कार्यकर्ताओं के स्वजनों का कुशलक्षेम पूछने के बाद कहा कोरोना महामारी से बचने के लिए लोग आपस में जितनी शारीरिक दूरी बनाकर रखेंगे वह उतना ही सुरक्षित रहेंगे।
सोनी के अनुसार नड्डा ने उनसे कहा कि इस महामारी का एकमात्र बचाव यही है कि लोग बिना वजह बाहर न निकलें। वहीं जितना हो उतना समय में घर में स्वजनों के साथ बिताएं। आसपास के लोगों को भी इस बारे में जागरूक करें। उन्होंने सोनी का पीएम केयर्स फंड में अंशदान करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए उसने और सभी नजदीकियों से अपने मोबाइल फोन पर अरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। अदीप सोनी के अनुसार करीब दो से तीन मिनट की बातचीत में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सुंदरनगर के लोगों का हालचाल भी पूछा।
वहीं गोहर के पूर्व मंडलाध्यक्ष गिरधारी लाल ने कहा कि नड्डा ने उनसे करीब पांच मिनट तक बात की और कोरोना के अलावा पार्टी गतिविधियों और लोगों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि इस बात की बड़ी खुशी है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आज भी उन्हें उतना ही मान-सम्मान दिया जितना पहले देते थे। उधर, नड्डा का फोन आने पर क्षेत्र के पार्टी कार्यकताओं में नया जोश भर गया है। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अब तन-मन और धन से इस मुश्किल घड़ी में आम लोगों की सेवा के लिए प्रेरित हुए हैं। मोदी भी कर चुके हैं फोन पर बात
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हिमाचल में बिताए समय के दौरान उनके सहयोगियों को फोन कर जानकारी हासिल की थी। प्रधानमंत्री ने अपने पुराने साथियों से कोरोना संकट पर बात कर उनसे पूरी एहतियात बरतने की अपील की थी। अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बात कर उनका हौसला बढ़ाया है।