विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

HRTC हड़ताल: देर रात भर्ती का आदेश, सुबह उमड़ पड़ी बेरोजगारों की भीड़, मंडी में 25 पोस्ट के लिए पहुंचे सैकड़ों बेरोजगार

By Mukesh MehraEdited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 24 Jun 2026 01:25 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 24 Jun 2026 03:51 PM (GMT+05:30)

एचआरटीसी ने प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर ड्राइवर और कंडक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंडी में 25 ड्राइवर ...और पढ़ें

मंडी में एचआरटीसी ड्राइवर भर्ती के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़। जागरण

मंडी में एचआरटीसी ड्राइवर भर्ती के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़। जागरण

HighLights

  1. एचआरटीसी ने प्रस्तावित हड़ताल के कारण भर्ती प्रक्रिया शुरू की।

  2. मंडी में 25 ड्राइवर पदों के लिए सैकड़ों आवेदन प्राप्त हुए।

  3. कंडक्टर के तौर पर 117 होमगार्डों की सेवाएं ली जाएंगी।

मुकेश मेहरा, मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम की प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए प्रबंधन की ओर से ड्राइवर और कंडक्टर की भर्ती की जा रही है। मंडी डिपो के तहत 25 चालकों की भर्ती की प्रक्रिया 12 बजे आरंभ हो गई। देर शाम को निकली सूचना के बाद इन पदों में भर्ती के लिए सुबह ही क्षेत्रीय डिपो कार्यालय के बाहर बेरोजगारों की भीड़ उमड़ पड़ी। ड्राइवर को 1500 रुपये दिहाड़ी दी जाएगी। 

वहीं कंडक्टर की जगह होमगार्ड लेंगे। करीब 117 होमगार्ड की मांग परिवहन निगम ने कमांडेंट होमगार्ड से की है। होमगार्ड मशीन से टिकट नहीं काटेंगे, बल्कि पुरानी कागज की टिकटें ही काटी जाएंगी। साथ ही टिकट पर पंच भी नहीं करना होगा। इन सभी को स्थानीय रूटों पर ही निगम के अधिकारी भेजेंगे।

12 बजे ही 150 से ज्यादा आवेदक पहुंच गए

मंडी में 25 पदों के लिए दोपहर 12 बजे ही 150 से अधिक आवेदन जमा हो गए। एक बजे तक ढाई सौ के करीब आवेदन आ गए। दोपहर 1 बजे के बाद सभी आवेदकों का ट्रायल लिया गया और उसके बाद इनका परिणाम घोषित होगा। 

दिहाड़ी के बजाय नियमित भर्ती की मांग

मंडी मंडल में 140 पद कुल भरे जाने हैं। मंडी में 25 पदों के लिए पहुंचे 200 से अधिक युवाओं में इस बात को लेकर भी रोष देखा गया कि सरकार दिहाड़ी पर भर्ती करने के बजाय स्थायी तौर पर नियुक्तियां करे। युवाओं ने बताया कि उन्होंने पूर्व में हुई भर्ती भी पास की थी, लेकिन उसे रद कर दिया गया।

अन्य राज्यों के लिए नहीं चलेंगी बसें

लॉन्ग रूट पर जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें नहीं चलेंगी। इसके लिए बॉर्डर क्षेत्र में चलने वाली निजी बसों और सीटीयू तथा पंजाब रोडवेज के साथ परिवहन निगम बातचीत कर रहा है। बॉर्डर एरिया से इनकी बसें सवारियों को उठाएंगी। 

वोल्वो बसों के चलने पर संशय

अगर हड़ताल हुई तो मनाली से चलने वाली वोल्वो बसें भी नहीं चल पाएंगी। इसका ये नुकसान होगा कि पर्यटकों को प्राइवेट वोल्वो का सहारा लेना पड़ेगा।

कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए चालकों की भर्ती प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। होमगार्डों की डिमांड भी दे दी गई है। भर्ती के किए जाने वाले चालकों से मांग अनुसार काम लिया जाएगा।
-उत्तम सिंह, मंडलीस प्रबंधक, एचआरटीसी, मंडी।

यह भी पढ़ें: HRTC Strike: 'बसें नहीं चलाना चाहते तो सौंप दें चाबियां', डिप्टी CM बोले- हड़ताल अवैध; ESMA के तहत कार्रवाई होगी 

यह भी पढ़ें: HRTC कर्मियों की हड़ताल: प्रबंधन नई भर्ती की तैयारी में, होमगार्ड संभालेंगे कंडक्टर का जिम्मा; ड्राइवर को 1500 दिहाड़ी