Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Rain: हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन से बिगड़े हालात, मंडी में पशुशाला और तीन घर गिरे; चार लोग घायल

    Updated: Fri, 01 Aug 2025 08:15 AM (IST)

    मंडी में भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई घरों को नुकसान पहुंचा है जिससे लोग घायल हुए हैं और पशुधन की हानि हुई है। जिले में 171 सड़कें बाधित हैं बिजली आपूर्ति ठप है और पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने अभी और बारिश की चेतावनी जारी की है।

    Hero Image
    भारी वर्षा व भूस्खलन से बिगड़े हालात,तीन घर व एक पशुशाला गिरी,चार घायल (जागरण फोटो)

    जागरण टीम, मंडी। जिले में बुधावार से हो रही भारी वर्षा और भूस्खलन से आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। सदर, सरकाघाट व बालीचौकी उपमंडल में तीन घर व एक पशुशाला ध्वस्त होने से चार लोग घायल हुए हैं, जबकि दो गायों व पांच मुर्गों की मौत हो गई है। जिले भर में 171 सड़कों पर यातायात बाधित है। 89 ट्रांसफार्मर ठप हैं। 78 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बालीचौकी में दो मंजिला मकान धराशायी

    बालीचौकी उपमंडल के कलवाड़ा गांव निवासी दिले राम का स्लेटपोश दो मंजिला मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस मकान की धरातल वाली मंजिल में पशु बांधने की व्यवस्था थी।

    दूसरी मंजिल में परिवार रह रहा था। भूस्खलन से मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें दो गाय व पांच मुर्गे दबकर मर गए। इसके अलावा घर में रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया है। परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

    हवाणी गांव में मकान पर गिरा मलबा

    सरकाघाट उपमंडल की उपतहसील ढलवान के हवाणी (बन-लुहारडी) गांव में रात को भूस्खलन से कर्म सिंह का दो मंजिला मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय मकान में कर्म सिंह, उनकी पत्नी, बेटा और गर्भवती बहू सो रहे थे।

    जोरदार धमाके के साथ मलबा व पत्थर मकान की दीवारों पर गिर पड़े, लेकिन समय रहते परिवार ने भागकर जान बचाई। हल्का पटवारी नीलम शर्मा ने बताया कि मौके पर निरीक्षण कर लिया गया है। राहत राशि की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

    पशुशाला ढहने से भैंस दब गई

    इसी गांव में हिमा देवी की पशुशाला भी भूस्खलन की चपेट में आ गई। पशुशाला के अंदर बंधी भैंस और उसका बच्चा मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

    हिमा देवी ने बताया कि वह अत्यंत गरीब हैं। अब भैंस को बेचने के सिवा कोई चारा नहीं बचा। पशुशाला में रखी घास भी खराब हो गई है।

    सदर के मझवाड़ पंचायत में मकान गिरा

    सदर क्षेत्र की मझवाड़ पंचायत में प्रवीण पटियाल का तीन कमरों का स्लेटपोश मकान वर्षा के कारण धराशायी हो गया। हादसे के समय वह मकान के अंदर आराम कर रहे थे।

    अचानक छत से लकड़ियां व मलबा गिर पड़ा, जिससे उन्हें सिर व छाती पर चोटें आईं। उन्हें मंडी के जोनल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रवीण ने प्रशासन से राहत और पुनर्वास की मांग की है।

    जेल रोड पर नाले में खिसकी जमीन कनिष्ठ अभियंता घायल

    वीरवार दोपहर को भी हुई भारी वर्षा के कारण जले रोड में नाले पर फिर से जमीन खिसक गई। यहां पर जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता निशांत व उनकी टीम मुख्य पेयजल लाइन को ठीक कर रही थी। जमीन खिसकने पर एकाएक ही मलबा नीचे आया और यह सभी वहां से भागे।

    इस दौरान निशांत को पैर में चोट लगी है। उनको अस्पताल में उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वर्षा के कारण काम रोकना पड़ा।

    प्रशासन ने किया निरीक्षण, राहत कार्य जारी

    प्रशासन और स्थानीय राजस्व अधिकारियों द्वारा सभी प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया है। तिरपाल और आवश्यक सहायता मौके पर पहुंचाई गई है। प्रभावित परिवारों को जल्द राहत राशि देने की प्रक्रिया जारी है।

    स्थिति अब भी चिंताजनक

    जिले भर में 171 सड़कों के बंद होने से कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है। बिजली आपूर्ति ठप होने से अंधेरा और पेयजल योजनाएं बाधित होने से जल संकट भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक और बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।

    प्रशासन की अपील

    प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक बारिश के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाएं। आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।