विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में भी अब सुरक्षित नहीं रहे लोग, परिवार के 5 सदस्यों को बंधक बनाकर घर से सामान व कैश चुराया

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 15 Jan 2026 02:08 PM (GMT+05:30)

मंडी जिले के जोगेंद्रनगर में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया। सारली गांव में एक ...और पढ़ें

बंधक बनाया गया परिवार और उथल पुथल किया गया सामान। जागरण

बंधक बनाया गया परिवार और उथल पुथल किया गया सामान। जागरण

HighLights

  1. जोगेंद्रनगर में एक ही रात में तीन घरों में चोरी।

  2. बुजुर्ग दंपती समेत पांच सदस्यों को बंधक बनाकर वारदात।

  3. पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल की सैंथल पडैन पंचायत के सारली गांव में चोरों ने बुजुर्ग दंपती समेत एक ही परिवार के पांच सदस्यों को बंधक बनाकर घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। एक ही रात में पंचायत के तीन घरों में हुई चोरी से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

81 वर्षीय खेम चंद और उनकी 77 वर्षीय पत्नी मथुरा देवी को चोरों ने एक कमरे में बंद कर दिया, जबकि साथ लगते कमरे में उनकी बहू 36 वर्षीय नितिका, पौत्र 15 वर्षीय काव्यांश और पोती 11 वर्षीय ईशिता को दूसरे कमरे में बंधक बनाया गया। 

इसके बाद चोरों ने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित तीन कमरों के ताले तोड़कर नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ किया। लोहे के ट्रंक, अलमारी और घर में रखा अन्य सामान पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया गया। 

यह घटना मंगलवार आधी रात की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य पहली मंजिल पर दो अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोरों ने दूसरी मंजिल में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया।

सुबह कमरे में बंद पाए गए सभी सदस्य

बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में बंद पाए गए तो उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से एक-दूसरे को घटना की जानकारी दी। काफी मशक्कत के बाद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल सके और तुरंत पुलिस, पंचायत प्रतिनिधियों तथा आसपास के लोगों को सूचित किया गया।

बच्चों के स्कूल बैग भी ले गए चोर

पीड़ित परिवार ने बताया कि चोर छोटे बच्चों के स्कूल बैग, सिलाई-कढ़ाई से आजीविका चलाने वाली बहू नितिका की नकदी सहित अन्य जरूरी सामान भी ले गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। 
नितिका के गुलक में करीब 15,000 रुपये थे। इसी पंचायत के दलेड़ गांव में भी चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। 

दो अन्य घरों से भी चोरी

सुधा देवी और पिंकी देवी के घर से चोरों ने करीब 35,000 रुपये चुरा लिए। पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने एक ही रात में तीन घरों में चोरी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुधा देवी उस समय दिल्ली में थीं, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें: विक्रमादित्य सिंह के अफसरों पर दिए बयान के क्या हैं मायने, नेगी व अनिरुद्ध की प्रतिक्रिया के बीच अब डिप्टी CM की चुप्पी क्यों? 

यह भी पढ़ें: हिमाचल हाई कोर्ट ने भाजपा अध्यक्ष बिंदल के खिलाफ टिप्पणी करने पर लगाई रोक, कांग्रेस नेता को जारी किया आदेश