विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में बारिश व भूस्खलन से सड़कें बंद, मंडी में किसानों ने दो दिन इंतजार के बाद नाले में फेंकी 15 क्विंटल सब्जी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 30 Jul 2026 01:43 PM (IST)Updated: Thu, 30 Jul 2026 01:48 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से सड़कें बाधित होने के कारण मंडी के किसानों को भारी नुकसान हुआ ...और पढ़ें

HighLights

  1. थलटूखोड़-मढ़ सड़क मार्ग भूस्खलन के कारण सोमवार से बंद।

  2. किसानों ने 15 क्विंटल मूली नाले में फेंकने को मजबूर हुए।

  3. गोभी भी बाजार पहुंचने में देरी से पीली पड़कर खराब हुई।

आशीष भोज, पद्धर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें बाधित हैं। जिला मंडी में सड़क बंद होने से परेशान किसानों ने कई क्विंटल सब्जी नाले में फेंक दी। लोक निर्माण विभाग उपमंडल झटिंगरी के अंतर्गत थलटूखोड़-मढ़ सड़क मार्ग भूस्खलन के कारण बीते सोमवार से बंद है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर संकट खड़ा हो गया है। खेतों में तैयार नगदी फसलें बाजार तक नहीं पहुंच पा रही हैं।

मूली फेंकी, गोभी उठाकर सड़क तक पहुंचाई

हालात यह हैं कि झुकाण गांव के जीप चालक सुनील कुमार समेत अन्य किसानों को करीब 15 क्विंटल मूली की तैयार फसल नाले में फेंकनी पड़ी, जबकि इतनी ही मात्रा में गोभी को किसान पीठ पर उठाकर वाहन योग्य सड़क तक पहुंचाने को मजबूर हुए। बाजार तक पहुंचने में हुई देरी के कारण गोभी भी पीली पड़ गई है, जिससे किसानों को उपज का उचित मेहनताना मिलना मुश्किल हो गया है।

क्या कहते हैं किसान

जीप चालक सुनील कुमार व किसान हरि सिंह, ओम चंद, नंद लाल सहित अन्य ने बताया कि सड़क बंद होने से किसानों की नगदी फसलें खेतों में ही खराब होने लगी हैं। उन्होंने कहा कि मूली को बाजार तक पहुंचाने का कोई रास्ता नहीं बचा तो करीब 15 क्विंटल फसल नाले में फेंकनी पड़ी। वहीं, इतनी ही वजन की गोभी की फसल को पीठ पर उठाकर वाहन योग्य सड़क तक पहुंचाया गया। लंबी दूरी और देरी के कारण गोभी पीली पड़ गई है। ऐसे में किसानों को फसल की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।

आपदा की मार झेल रहे किसान

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के किसान हर वर्ष बरसात के दौरान प्राकृतिक आपदा की मार झेलते हैं। सड़कें बंद होने के कारण तैयार फसल समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच पाती, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों की आवाजाही और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

क्या कहते हैं अधिकारी

उधर, लोक निर्माण विभाग उपमंडल झटिंगरी के सहायक अभियंता भगत राम यादव ने बताया कि सड़क बहाली के लिए घटनास्थल पर जेसीबी मशीन तैनात की है। पहाड़ी से काफी ऊंचाई से लगातार बोल्डर और पत्थर गिर रहे हैं, जिस कारण राहत कार्य को गति देने में परेशानी हो रही है। वह स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और वीरवार को दो मशीनें लगाई गई हैं।