हिमाचल: गोहर के BDO सस्पेंड, विभाग के आदेश की अवहेलना का आरोप; मेले से जोड़कर भी देखा जा रहा मामला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गोहर के खंड विकास अधिकारी पवन कुमार को ग्रामीण विकास विभाग ने निलंबित कर ...और पढ़ें

गोहर के बीडीओ को सस्पेंड कर दिया गया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
गोहर बीडीओ पवन कुमार को ग्रामीण विकास विभाग ने निलंबित किया।
उच्चाधिकारियों के वैध निर्देशों का पालन न करने का आरोप लगाया गया।
निलंबन को ख्योड़ नलवाड़ मेले के उद्घाटन से भी जोड़ा जा रहा।
सहयोगी, गोहर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के गोहर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पवन कुमार को ग्रामीण विकास विभाग ने निलंबित कर दिया है। विभाग की ओर से जारी आदेश में उनके विरुद्ध सक्षम उच्चाधिकारी द्वारा जारी वैध निर्देशों का अनुपालन न करने का आरोप लगाया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ग्रामीण विकास विभाग के सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गोहर के बीडीओ पद पर कार्यरत पवन कुमार द्वारा सक्षम उच्चाधिकारी के निर्देशों का पालन नहीं किया गया। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के नियम 10(1) के तहत उन्हें निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
निदेशालय भेजे
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय ग्रामीण विकास विभाग के निदेशालय शिमला निर्धारित किया गया है और वह सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
सचिवों के तबादला आदेश अगले दिन जारी किए
विकास खंड की दो पंचायतों बासा व सेरी के सचिवों के तबादले के आदेश 11 सितंबर को गोहर पहुंचे थे। दोनों सचिवों को तबादला आदेश में चार्ज सहित दो दिन के अंदर रिलीव करने को कहा गया था। खंड विकास अधिकारी ने इस संबंध में 12 सितंबर को आदेश जारी किए थे लेकिन दोनों सचिवों के पास दो-दो पंचायतों का कार्यभार होने के कारण यह समय पर संभव नहीं हो पाया। बताया जा रहा कि दोनों मेडिकल अवकाश पर चले गए।
मेले से भी जोड़कर देखा जा रहा
इस निलंबन आदेश को गोहर उपमंडल में 17 सितंबर से प्रारंभ हुए जिलास्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेलों के उद्घाटन से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मेले का आयोजन बासा पंचायत करती है। मेले का आरंभ भाजपा विधायक विनोद कुमार ने किया था, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी रहे नरेश चौहान अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी के शुभारंभ की अध्यक्षता की थी।
जनता में चर्चा है कि नाचन क्षेत्र के एक कांग्रेस नेता को मेले में कोई तरजीह नहीं दी गई। पवन कुमार बीते दिन ख्योड़ मेले की प्रथम संध्या के मुख्य अतिथि भी थे।
इस संबंध में पवन कुमार ने बताया कि उन्हें निलंबन के आदेश मिले हैं, लेकिन उसमें स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। वहीं, नाचन क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार ने इसे राजनीति से प्रेरित कदम बताया है।
