पूजा सामग्री विसर्जित करने गया युवक व्यास में बहा
झारखंड का रहने वाला है युवक व्यास नदी में पूजा सामग्री विसर्जन करते समय बह गया।
मंडी, जेएनएन। मंडी शहर के साथ लगते रघुनाथ का पद्धर में पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान व्यास नदी के तेज बहाव में एक कामगार बह गया। चार घंटे के सर्च अभियान के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। 20 वर्षीय युवक गुडवा पुत्र फुलेश्वर उराव, गांव बेदी डाकघर बिशनपुर, जिला (गुमला) झारखंड का रहने वाला है। सदर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंडी शहर में गृह निर्माण से जुड़े बाहरी राज्यों के कामगारों ने विश्वकर्मा दिवस मनाया था। इस दौरान विभिन्न विश्वकर्मा मंदिरों में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम था। मंगलवार दोपहर बाद झारखंड के रहने वाले करीब 15 कामगार रघुनाथ का पद्धर में स्नान व पूजा सामग्री के विसर्जन के लिए गए हुए थे। सामग्री विर्सिजत करने के बाद सभी लोग नदी के किनारे स्नान करने उतर गए। गुडवा नदी के बीचोंबीच चला गया। अचानक पत्थर से पांव फिसलने से वह पानी के तेज बहाव में बह गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के आगे उनकी एक नहीं चली।
शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सदर थाना प्रभारी सुनील कुमार पुलिस बल व गोताखोरों की टीम से करीब चार घंटे के सर्च अभियान के बाद भी गुडवा का कोई सुराग नहीं लग पाया। अब बुधवार को दोबारा सर्च अभियान चलेगा। डीएसपी मुख्यालय हितेश लखनपाल ने पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान एक कामगार के ब्यास के तेज बहाव में बहने की पुष्टि की है।
नौ साल की बच्ची को गाड़ी ने कुचला
मणिकर्ण घाटी में बशैणी के समीप एक वाहन ने करीब नौ साल की बच्ची को कुचल दिया। वाहन चालक बच्ची को कुचलने के बाद वाहन लेकर भाग गया। इसके बाद परिजनों ने बच्ची को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मणिकर्ण के बशैणी में एक बेकरी की सप्लाई देने वाले वाहन ने सड़क किनारे चार वर्षीय प्रतीषा पुत्री धनराज निवासी नेपाल को कुचल दिया। डीएसपी कुल्लू अशेष शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने शव कब्जे में ले लिया है और हादसे वाली जगह पर भी लोगों से पूछताछ की जा रही है।