जानलेवा डेंगू बुखार ने दी दस्तक, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
Dengue fever कांगू पंचायत में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं जिससे स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया है।
सुंदरनगर, जेएनएन। सुंदरनगर की कांगू पंचायत में डेंगू के बुखार ने और लोगों को भी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को तीन नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप है। डेंगू से पीड़ित लोगों में एक महिला, पुरुष व एक 12 साल की बच्ची शामिल है। तीनों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जहां से बच्ची को जांच के बाद दवाइयों के साथ वापस घर भेज दिया है जबकि महिला व पुरुष अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
उधर, कांगू में डेंगू के जानलेवा बुखार की दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग भी मुस्तैद हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीवानंद चौहान ने मंगलवार को अपनी टीम सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डैहर का दौरा किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य विभाग के एक दल ने पीड़ित परिवारों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को डेंगू के लक्षण एवं बचाव के बारे में जानकारी दी। इस दौरान लोगों को ओडोमॉस की टयूबें भी वितरित की गई।
बता दें कि गत दिवस सोमवार को कांगू पंचायत में दो बच्चियों को बुखार की शिकायत के चलते नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद मंगलवार को तीन और नए मामले सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है।
ऐसे करें बचाव
- मच्छरों को मारने के लिए घरों में ऐरोसाल का छिड़काव करें। करीब 15 से 20 मिनट तक घर को बंद रखें।
- सुबह व दोपहर के अंतिम प्रहर में करें ऐरोसाल का छिड़काव।
- शरीर को अच्छी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनें।
- सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- मच्छर भगाने के लिए नीम केपत्ते, नारियल के खोल व भूसी जलाएं।
- दरवाजों व खिड़कियों पर जाली या पर्दा लगाएं।
- पानी के सभी बर्तनों को ढककर रखें।
- सप्ताह में एक बार जल भंडारण टैंक, बर्तन, कूलर, गमलों की सफाई करें।
लक्षण व सावधानियां
- संदिग्ध डेंगू से पीड़ित व्यक्ति का बुखार उतरने के बाद विशेष ध्यान रखना चाहिए।
- बुखार आने पर शरीर का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक रखने का प्रयास करें।
- पीड़ित व्यक्ति को सामान्य आहार के साथ पानी, सूप, दूध व फलों का जूस दें।
- डेंगू पीड़ित व्यक्ति को पूर्ण आराम करने दें।
- डेंगू गंभीर रूप धारण कर लेती है और तीसरे से पांचवें दिन लक्षण ज्यादा प्रभावी होते हैं।
- शरीर पर लाल धब्बे व दाने पड़ना।
- नाक, मसूड़ों पर उल्टियां होने पर खून आना।
- काला मल आना, पेट दर्द।
- अत्यधिक प्यास लगना व गला सूखना।
- सांस लेने में कठिनाई होना ।