बाईपास में प्राकृतिक जलस्रोत संवारा
ल स्त्रोतों के संरक्षण के लिए दैनिक जागरण की ओर से चलाए गए सहेज लो हर बूंद अभियान के तहत शनिवार को मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइपास के निकट जलस्त्रोत की सफाई की गई। यह अभियान मंडी की सोच फाउंडेशन के सहयोग से चलाया गया। अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने किया। उन्होंने कहा
संवाद सहयोगी, मंडी : प्राकृतिक स्रोतों के संरक्षण के लिए दैनिक जागरण की ओर से चलाए गए 'सहेज लो हर बूंद' अभियान के तहत शनिवार को मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईपास के निकट जलस्रोत की सफाई की गई। यह अभियान मंडी की सोच फाउंडेशन के सहयोग से चलाया गया। अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि यह दैनिक जागरण की एक अनूठी पहल है। इससे प्राकृतिक जलस्रोतों को संरक्षण होगा, वहीं लोगों को स्वच्छ पानी मिलता रहेगा। उन्होंने सोच फाउंडेशन के सदस्यों की भी खूब सराहना की। अभियान में सोच फाउंडेशन के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सबसे पहले उन्होंने जलस्रोत के पास पानी की निकास नाली को साफ किया। इसके बाद स्रोत के आसपास उगी झाड़ियों को काटकर सफाई की। यही नहीं राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पड़ी प्लास्टिक की बोतलें व अन्य कचरे को भी साफ किया गया। यहां एकत्रित कूड़े को नगर परिषद के हवाले किया। नगर परिषद की एक गाड़ी भरकर कूड़ा ठिकाने लगाया। सफाई करने के बाद स्रोत के आसपास चूना डाला गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण की यह मुहिम काबिले तारीफ है। दैनिक जागरण के माध्यम से ही उन्हें इस स्रोत के बारे में पता चला, लेकिन यहां पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ देख हैरान हूं। इस जलस्त्रोत का जीर्णोद्धार किया जाएगा। दैनिक जागरण ने स्त्रोत बचाने के लिए जो अभियान चलाया है प्रशासन हर संभव सहयोग करने को तैयार है। पानी की एक-एक बूंद कीमती है और दैनिक जागरण हर बूंद को सहजने का काम कर रही है। इसके लिए जागरण समूह की जितनी सराहना की जाए कम है। इस अभियान में सोच फाउंडेशन के सदस्य अनूप पांडे, विशाल, दुनी चंद, रोहित अरोड़ा, यशवंत, राहुल, भूप सिंह, खेम सिंह संदीप दुबे आदि शामिल हुए। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने इन सभी को दैनिक जागरण की ओर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
-----------
पानी की हर बूंद अमृत : राजा मल्होत्रा
सोच फांउडेशन के संस्थापक राजा सिंह मल्होत्रा ने बताया कि फाउंडेशन इस तरह के अभियान में जुड़कर सामाजिक कार्यों में लगातार भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। दैनिक जागरण के साथ मिलकर पेयजल स्रोत को संवारने का मौका मिला। आगे भी फाउंडेशन इसी तरह कार्य करती रहेगी। पानी को हर बूंद अमृत है और उसे बचाना हर नागरिक का कर्तव्य है। लोग पानी को सहेजने के लिए आगे आएं।
---------
हजारों लोग बुझाते हैं प्यास
बाईपास के निकट इस पेयजल स्रोत से रोजाना हजारों लोग पानी भरते हैं। चालक-परिचालक जहां गाड़ियां खड़ी करते यहां से पानी भरकर ले जाते हैं, वहीं शहर के लोग भी पीने के लिए यहीं से पानी भरते हैं। राहगीर भी यहां ठंडा पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते हैं। पूरा दिन स्रोत पर लोगों की भीड़ लगी रहती है।