एक सुर में बोले कांग्रेसी, प्रतिभा सिंह सशक्त उम्मीदवार
हंसराज सैनी मंडी मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी की तरफ से कौन सबसे उप
हंसराज सैनी, मंडी
मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी की तरफ से कौन सबसे उपयुक्त प्रत्याशी होगा इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों की राय जानी गई। मंगलवार को मंडी के एक निजी होटल में आयोजित फीडबैक बैठक में पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह का नाम प्रमुखता से उभर कर सामने आया है। मंडी, कुल्लू व लाहुल-स्पीति जिले के कांग्रेस नेताओं व पदाधिकारियों ने चार सदस्यीय कमेटी को एक सुर में बताया कि प्रतिभा सिंह से सशक्त कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं हो सकता है। कांग्रेस नेताओं का तर्क था कि प्रतिभा सिंह दो बार इस संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
19 साल तक यह संसदीय क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उनके परिवार की कर्मभूमि रही है। प्रतिभा सिंह किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। 90 फीसद पदाधिकारियों व नेताओं ने प्रतिभा सिंह को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाने की बात कही है। अगर प्रतिभा सिंह चुनाव लड़ने की हामी नहीं भरती है तो फिर वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर को प्रत्याशी बनाए जाने की वकालत की गई। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय कमेटी पार्टी आलाकमान को पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की इस भावना से अवगत करवाएगी।
फीडबैक बैठक से वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर व कमेटी के एक सदस्य पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविदर सिंह सुक्खू नदारद रहे। मीडिया के सामने तर्क किया गया कि दोनों नेताओं के सुझाव मोबाइल काल से मिल गए हैं। दोनों के कार्यक्रम पहले से कहीं और तय थे। कमेटी के सदस्यों ने फीडबैक लेने के लिए खुले में सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बजाय बंद कमरे में एक एक नेता व पदाधिकारी की व्यक्तिगत राय ली।
2019 के लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे आश्रय शर्मा भी कमेटी के सदस्यों से बंद कमरे में मिले, अपना पक्ष रखा और वहां से चलते बने। एक-दो पदाधिकारियों को छोड़ किसी ने उनके नाम की पैरवी नहीं की। फीडबैक बैठक से इतना तय हो गया है कि उम्मीदवारी का फैसला अब प्रतिभा सिंह की हां व न पर निर्भर है।