कौल सिंह ने मंत्री महेंद्र ठाकुर पर निशाना साधते हुए बाली को ही लपेटे में लिया, जानिए पूरा मामला
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर ने सरकार पर निशाना साधते हुए अपने पुराने साथी को ही लपेटे में ले लिया।
मंडी, जेएनएन। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर ने सरकार पर निशाना साधते हुए अपने पुराने साथी को ही लपेटे में ले लिया। कौल सिंह ने मंडी में पत्रकारों से बातचीत में कहा पूर्व मंत्री जीएस बाली की तरह महेंद्र सिंह ठाकुर प्रदेश भर में डरा धमका कर धर्मपुर के लोगों को रोजगार दे रहे हैं। पहले यह आरोप भाजपा ही लगाती रही थी, लेकिन अब बाली की पार्टी के नेता ने ही उनका उदाहरण दे दिया।
कौल सिंह ने कहा सीएमओ मंडी का लोगों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। दवाई खरीद में चहेतों को फायदा दिया जा रहा है। नॉन आरसी वालों को काम, कपड़े धुलाई में घोटाला, मरीजों की डाइट मनी में हेराफेरी हो रही है। कौल सिंह ने आरोप लगाया कि चहेते को सात लाख रुपये का फायदा पहुंचाया है। कौल सिंह ने जनमंच को मौज मस्ती का साधन बताया।
कौल सिंह ने कहा सीमेंट पर 28 प्रतिशत तक जीएसटी लगाया गया है। प्रदेश की सड़कों की हालत दयनीय है, जिससे पर्यटक परेशान हैं, जबकि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से नीचे नहीं उतर रहे। दो साल के जश्न पर अमित शाह ने फूटी कौड़ी की घोषणा नहीं की। 69 हाईवे कहां गए कोई पता नहीं है। एमओयू हवा में उड़ रहे हैं। ऊर्जा क्षेत्र में ग्लोबल टेंडर बुलाए जाने चाहिए थे। शिक्षा स्वास्थ्य विभाग में हजारों पद खाली चल रहे हैं।
कौल सिंह ने कहा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पूरी तरह फ़ेल है। ब्यास पुल और नेचर पार्क कांग्रेस की देन है। कांग्रेस के समय लगी पट्टिकाएं तोड़ी जा रही हैं। जयराम सिर्फ सरकार के मुख्यमंत्री हैं, जनता तो बेहाल है। कौल सिंह ने कहा सीआरएफ का 126 करोड़ रुपये सराज ले गए, अन्य क्षेत्र को कुछ नहीं मिला। कौल सिंह ने कहा सीएए धर्म के आधार पर लाया गया है व तीन करोड़ लोगों को बाहर से लाकर बसाने की साजिश है। कौल सिंह ने सीएम के मंच पर अनिल शर्मा की बेइज्जती को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।