मुख्यमंत्री की सलाह, पंचायत चुनाव में सहयोग व विकास करने वालों को चुनें
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि जनता पंचायत चुनाव में उनको चुनें जो सहयोग करने वाले हों और विकास करवाने वाले हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार 400 से अधिक नई पंचायतें बनाई गई हैं।
मंडी, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि जनता पंचायत चुनाव में उनको चुनें जो सहयोग करने वाले हों और विकास करवाने वाले हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार 400 से अधिक नई पंचायतें बनाई गई हैं। मुख्यमंत्री जल्द ही प्रदेश का प्रवास भी शुरू करेंगे। उन्होंने यह बात मंडी जिले में सुंदरनगर के निहरी क्षेत्र में आभासीय जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
बकौल मुख्यमंत्री, वह दो- तीन दिन बाद दौरे शुरू कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सुंदरनगर हलके में 500 करोड़ के विकास कार्यों पर हो रहा काम सरकार की विकास के प्रति वचनबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल से विशेष लगाव है।
370 समाप्त होने से एकजुट हुआ देश। केंद्र सरकार ने राममंदिर का सपना साकार किया। हर घर में रसोई गैस के बाद हर घर में नल उपलब्ध करवाने के मामले में हिमाचल देश का पहला राज्य बनने की और अग्रसर है। उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव कठिन परीक्षा थी। लोगों ने तरह तरह की बातें की। कोई एक सीट कोई दो सीटें भाजपा को दे रहा था लेकिन भाजपा ने 68 हलकों पर बढ़त के साथ चारों सीटों पर विजय हासिल की। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 2022 में भाजपा और मजबूती के साथ उभरेगी। पंचायत चुनाव में सहयोग व विकास करने वालों को चुने। मुख्यमंत्री ने कोरोना को लेकर सजग रहने की आवश्यकता भी बताई।