नेपाल से लौटने की जानकारी छिपाने पर सात जमातियों के खिलाफ केस
नेपाल से लौटने की जानकारी छिपाने के आरोप में मंडी जिला पुलिस ने सात जमातियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, मंडी : नेपाल से लौटने की जानकारी छिपाने के आरोप में मंडी जिला पुलिस ने सात जमातियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। स्वास्थ्य विभाग ने सातों जमातियों को क्वारंटाइन कर दिया है। इन सातों ने कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम से संबंधित प्रदेश सरकार की अधिसूचना का उल्लंघन किया है।
नेपाल से लौटने के बाद सातों जमाती खुले में घूम लोगों से मिलजुल रहे थे। सातों आरोपित 23 फरवरी को नेपाल से लौटे थे जबकि सरकार ने 13 फरवरी के बाद विदेश यात्रा से लौटे सभी लोगों को जानकारी देने के निर्देश दिए थे। स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर जाच की तो इन सातों जमातियों के संबंध में पता चला। ये सातों नाचन हलके के डुगराई, डिनक व सुंदरनगर शहर के आबेडकर नगर के रहने वाले हैं। मंडी के पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।