़मंडी में कार खाई में गिरी, पांच पर्यटक घायल
संवाद सहयोगी मंडी मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाच मील के पास एक कार खाई में गिर गई
संवाद सहयोगी, मंडी : मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाच मील के पास एक कार खाई में गिर गई। हादसे में पांच पर्यटक घायल हो गए हैं। इनमें से तीन दिल्ली, एक उत्तरप्रदेश और एक नोएडा निवासी है। घायलों को इलाज के लिए जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को एक कार चंडीगढ़ से मनाली की ओर जा रही थी। इसमें पांच यात्री सवार थे। यह सभी मनाली घूमने जा रहे थे। सायं करीब साढ़े छह बजे कार मंडी शहर के आगे पांच मील के पास पहुंची तो चालक ने अचानक कार से नियंत्रण खो दिया और कार खाई में जा गिरी। इससे कार में सवार 21 वर्षीय तनु निवासी नोएडा, 27 वर्षीय कमल निवासी यूपी, 28 वर्षीय राहुल, 28 वर्षीय विकास तथा 27 वर्षीय सुभाष यह सभी निवासी दिल्ली घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को कॉल कर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल पहुंचाया।
वहीं पुलिस अधीक्षक गुरुदेव शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जाच शुरू कर दी है।