पंडोह के सात मील में बस-ट्रक की भिड़ंत, नौ घायल
पंडोह के निकट सात मील में कुल्लू से संधोल जा रही निगम की बस की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के साथ भिड़ंत हो गई। सड़क दुर्घटना में नौ यात्री घायल हो गए हैं।
संवाद सहयोगी, मंडी : मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के निकट सात मील में कुल्लू से संधोल जा रही एचआरटीसी की बस की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के साथ भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में नौ यात्री घायल हो गए हैं। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे कुल्लू से संधोल जा रही बस पंडोह के निकट सात मील पहुंची। इस बीच मंडी से कुल्लू की तरफ जा रहे ट्रक के साथ बस की जोरदार टक्कर हो गई। बीच सड़क में टक्कर होने से मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। आसपास रहने वाले लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकाल कर क्षेत्रीय अस्पताल भेजा। सूचना मिलने पर पंडोह चौकी से पुलिस दल मौके पर पहुंचा। वाहनों को किनारे कर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल करवाई। घायलों की पहचान कश्मीर सिंह निवासी जहल, बलद्वाड़ा, हेम राज गांव धन्यारी, अरठी, कृतिका निवासी संधोल, देवेंद्र निवासी संधोल, उर्मिला निवासी धर्मपुर, नेहा निवासी खुरमादा, बंती देवी खुरमादा संधोल, दीपक तथा कांशी राम के रूप में हुई है। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि सभी घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है। मामले की छानबीन कर रही है।