JP Nadda बोले: तीन परिवारों ने जम्मू-कश्मीर की जनता को दबा कर रखा था, अब उन्हें हक मिलेगा
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा तीन परिवारों ने जम्मू कश्मीर की जनता को कुचल रखा था अब जनता को उनका हक मिलेगा।
मंडी, जेएनएन। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा तीन परिवारों ने जम्मू कश्मीर की जनता को कुचल रखा था, अब जनता को उनका हक मिलेगा। उमर अब्दुला 13वीं शताब्दी के नेता हैं। जम्मू में बैंक घोटाले के आरोपित जल्द जेल में होंगे। देश को आगे बढ़ाने का काम चल रहा है। जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल दौरे के दौरान मंडी के सेरी मंच में संबोधित कर रहे थे। जिला की सीमा में प्रवेश करने पर सलापड़ से मंडी शहर तक भव्य स्वागत किया गया।
जेपी नड्डा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी व राजनाथ सिंह का इस जिम्मेदारी के लिए हिमाचल की जनता की तरफ से आभार जताता हूं। जो जिम्मेदारी मिली है उसे बखूबी निभाउंगा। भाजपा 54 दिन में 17 करोड़ की सदस्यता वाली पार्टी बन गई। हम अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने वाली पार्टी बने हैं। 11 करोड़ से 17 करोड़ सदस्य पहुंच गए हैं। भाजपा को छोड़ अन्य सभी पार्टियां वंशवाद की पार्टियां हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह व निर्मला सीतारमण जैसे कई नेता इसके प्रमाण हैं और यही भाजपा की ताकत है। मोदी ने घोटालों की गंगा पर रोक लगाई है। अमेरिका का राष्ट्रपति आज पीछे-पीछे घूम रहा है।
नड्डा ने कहा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अच्छा काम कर रहे हैं। शांता कुमार को विश्वास दिलाया कि पार्टी को उत्कृष्ट बनाकर दम लूंगा। बूथ की चिंता जरूरी है। जहान की चर्चा में मोहल्ला न लुट जाए, यह ध्यान रखना होगा। कार्यकर्ताओं की भावनाओं की संभाल कर रखूंगा।
भाजपा बड़ी पार्टी बन गई अब उत्कृष्ट बनाने की बात दिल को छू गई: शांता
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा नड्डा मेरे लिए आदरणीय भी व प्रिय भी हैं। आज का दिन प्रदेश के लिए भाग्यशाली है। छोटे हिमाचल से केंद्र में मंत्री तो जरूर बने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बने थे। जेपी नड्डा इस पद पर पहुंचे, उन्हें मेरा प्यार व आशीर्वाद है। आज हम जेपी नड्डा से नहीं विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष से मिल रहे हैं।
शांता ने कहा भाजपा बड़ी पार्टी बन गई अब उत्कृष्ट बनाने की बात दिल को छू गई है। कांग्रेस के कई बड़े बाबा यानी नेता जेल में हैं। सत्ता का फर्श बड़ा फिसलन भरा होता है कार्यकर्ता व नेता देखकर चलें। पार्टी को उत्कृष्ट बनाने में नड्डा का सहयोग करें। पार्टी आज स्वर्णिम युग में है। मुख्यमंत्री दूरदर्शी सोच के साथ काम कर रहे हैं। इन्वेस्टर मीट अच्छी पहल है। उद्योगपति हिमाचल की तरफ देख रहे हैं।
जयराम बोले, हिमाचल हित में जो उचित होगा डंके की चोट पर करेंगे; विरोधी विरोध करते रहें
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा मुझे हिमाचल बड़ा दिखने लगा है, भले ही क्षेत्रफल के लिहाज से छोटा मगर जिम्मेदारी बड़ी है। कार्यकर्ता के नाते जहां जो भूमिका मिली बखूबी निभाई। बड़े प्रदेश से अध्यक्ष होना आम बात छोटे प्रदेश से बड़ी बात है। प्रदेश सरकार जनता के सहयोग से चल रही है, जहां जरूरत पड़ी जनता खड़ी हुई। मेरे मुख्यमंत्री बनने पर लोगों ने कई टिप्पणी की कि तीन महीने नही चल पाएगा, फिर बोले छह महीने नहीं निकाल पाएगा। लेकिन शान से सरकार दो साल पूरे करने जा रही है। कांग्रेसी विधानसभा क्षेत्र में तो हारे ही बूथ भी नहीं बचा पाए।ग्लोबल इन्वेस्टर मीट से कांग्रेसी परेशान हैं। खुद नया करने की नहीं सोची, हम नया करने की कोशिश कर रहे तो परेशान हैं। हिमाचल हित में जो उचित होगा डंके की चोट पर करेंगे। विरोधी विरोध करते रहें। जेपी नड्डा के आशीर्वाद से फिर प्रदेश में सरकार रिपीट करेंगे। जयराम ने कहा ऊपर व नीचे की खाई खत्म की है।
इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में मुंह तोड़ जवाब दिया है। कांग्रेस गलतफहमी में न रहे, अब पांच पांच का दौर गया। नड्डा का मंडी में जनसभा स्थल तक भव्य स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे।
पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा व सचिव पायल वैद्य तैयारियों का जायजा लेने के लिए सुबह ही जनसभा स्थल पर डटे रहे। मंडी व बिलासपुर जिला की सीमा सलापड़ पुल पर जेपी नड्डा का बैंडबाजों के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित जिला के सभी विधायक मौजूद रहे। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार मंडी पहुंचे हैं।
सलापड़ पुल पर जेपी नड्डा के स्वागत के लिए सांसद रामस्वरूप शर्मा, आइपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक जवाहर ठाकुर, कर्नल इंद्र सिंह व अन्य पार्टी पदाधिकारी पहले ही पहुंच गए थे।