फास्ट फूड स्वास्थ्य के लिए हानिकारक
पोषण माह के उपलक्ष्य पर बाल विकास परियोजना बंजार के तत्वाधान में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्थानीय ग्राम पंचायत व नगर पंचायत जन प्रतिनिधियों, महिला मंडल सदस्यों व स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया।
संवाद सहयोगी, बंजार : पोषण माह के उपलक्ष्य पर बाल विकास परियोजना बंजार के तत्वाधान में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्थानीय ग्राम पंचायत व नगर पंचायत जन प्रतिनिधियों, महिला मंडल सदस्यों व स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी बंजार कर्म ¨सह ठाकुर ने बताया बंजार, जिभी, बाहू, लारजी व न्यूली में आयोजित प्रभात फेरी का उद्देश्य जनसमुदाय को पोषण व स्वास्थ्य के बारे में जागरूक करना था। कहा बच्चों में कुपोषण व मोटापे का मूल कारण फास्ट फूड, जंक फूड की बढ़ती आदत है। वर्ष 2013 के सर्वे के आधार पर प्रदेश में लगभग 80 फीसद बच्चे फास्ट फूड के आदी पाए गए हैं। कुल्लू जिला में 53.3 फीसद बच्चे अनीमिया, 19 फीसद बच्चे ठिगनेपन का शिकार हैं। इसके लिए माता-पिता व समस्त जनसमुदाय को बच्चों की जंक फूड की आदत को दूर करने के प्रयास करने होंगे । इसके अलावा स्थानीय रूप से उपलब्ध अनाज, दालों, मौसमी फलों व साग सब्जियों का अधिक से अधिक प्रयोग करते हुए पोषण व स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।