क्वारंटाइन में व्यतीत समय सैनिकों की छुट्टियों में न हो शामिल
सहयोगी पद्धर कांग्रेस किसान सेल के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक लीग कांग्रेस के अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह
सहयोगी, पद्धर : कांग्रेस किसान सेल के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक लीग कांग्रेस के अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह गुलेरिया ने मांग की है कि सैनिकों का क्वारंटाइन में व्यतीत किया गया समय अवकाश में शामिल न किया जाए। जिससे वह अपना अवकाश का पूरा समय परिवार के साथ व्यतीत कर सके।
अध्यक्ष ने कहा प्रदेश में स्थिति उस समय बिगड़ी जब सैनिक अवकाश पर घर आए। सैनिकों को घर तक आने में सरकारों ने कोई सुविधा नहीं दी। अव्यवस्था के कारण कई सैनिक संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से कोरोना की चपेट में आए। कोरोना की चपेट में आने से सैनिकों को कई दिनों तक परिवार से अलग रहना पड़ा। ऐसे में सैनिकों के अवकाश की निर्धारित छुट्टियां कोरोना की मार में ही समाप्त हो गई।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में प्रदेश की बेहतर स्थिति थी लेकिन लॉकडाउन खुलते ही कोरोना ने तीव्र गति से पांव पसार दिए। रोजाना प्रदेश में कोरोना मामले बढ़ रहे हैं। सरकार बीमारी से निपटने के लिए लापरवाह नजर आई। अनलॉक की स्थिति में अन्य राज्यों से लोगों का घरों में आना शुरू हुआ। जिन्हें सरकार ने नियमों के अनुसार चौदह दिन के होम और संस्थागत क्वारंटाइन में रखा।
इस मौके पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष हेम सिंह ठाकुर, पूर्व सूबेदार लेखराम ठाकुर, गौरव ठाकुर, एमपी शर्मा, धर्म सिंह, दलीप सिंह ठाकुर, कैप्टन देवी सिंह, कैप्टन नानक चंद, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर चमन ठाकुर, सेवानिवृत्त सैनिक वीरेंद्र चौहान, नवेंद्र गुलेरिया, दुनी चंद ठाकुर मौजूद रहे।