जोगेंद्रनगर में पौधों के संरक्षण का अभियान शुरू
संवाद सहयोगी जोगेंद्रनगर वन मंडल जोगेंद्रनगर में हरियाली के लिए डेढ सौ हेक्टेयर भूमि पर
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : वन मंडल जोगेंद्रनगर में हरियाली के लिए डेढ सौ हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के एक लाख से अधिक पौधे रोपने का कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद अब यहां पर पौधों के संरक्षण का अभियान शुरू हो गया है। 21 जुलाई को शुरू हुए पौधारोपण अभियान में इस बार भी 183 हेक्टेयर वन संपदा पर जड़ी बूटी और फलदार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया था। इसके तहत वन मंडल के छह वन परिक्षेत्र उरला, लडभड़ोल, धर्मपुर, कमलाह, जोगेंद्रनगर, टिक्कन में औसतन 15 हजार से अधिक जड़ी बूटियों वाले पौधे रोपे गए हैं। इसमें हरड़, भेड़ा, आंवला, खैर, अर्जुन, शीशम, जामुन
के पौधे शामिल हैं, जबकि औषधीय पौधों में गलों, अश्वगंधा, रामवाण के पौधे रोपित किए गए हैं। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण चौहार घाटी में भी सैकड़ों देवदार के पौधे रोपे गए हैं।
एक बूटा बेटी के नाम रोपे गए 1000 पौधे
प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी योजना एक बूटा बेटी के नाम भी वन मंडल जोगेंद्रनगर में 25 सौ पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया गया था। इनमें अब तक करीब एक हजार पौधे रोपे गए हैं। वन मंडल में पैदा हुई 500 बेटियों की सूची पहले तैयार कर ली गई थी। अभियान के तहत प्रत्येक बेटी के नाम से पांच पौधे रोपे जा रहे हैं। पौधारोपण अभियान की ऑनलाइन होगी समीक्षा
वन मंडलाधिकारी जोगेंद्रनगर राकेश कटोच ने बताया पौधारोपण अभियान की ऑनलाइन समीक्षा की जाएगी। वन परिक्षेत्र में लगाए गए पौधों का ब्योरा मोबाइल एप और सॉफ्टवेयर में भरने के लिए एक अधिकारी को भी अधिकृत किया गया है। अब पौधों की जियो टैगिग व संरक्षण की समीक्षा ऑनलाइन की जा रही है।