मुरहाग पंचायत ने पेश किया मनेरगा टूरिज्म का मॉडल
विकास खंड गोहर की मुरहाग पंचायत ने मनरेगा टूरिज्म की नई मिसाल पेश की है।
संवाद सहयोगी, गोहर : विकास खंड गोहर की मुरहाग पंचायत ने मनरेगा टूरिज्म की नई मिसाल पेश की है। रविवार को सरोआ में आयोजित जनमंच में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसकी सराहना की और डॉक्युमेंट्री लांच की। इस अवसर पर परिवहन मंत्री गोविद सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश की मनरेगा मॉडल पंचायत का दर्जा पा चुकी मुरहाग ने पिछली वर्ष 2.52 करोड़ और इस वर्ष अब तक 3.30 करोड़ रुपये मनरेगा में खर्च किए हैं। मनरेगा की शुरुआत से लेकर अब तक सबसे अधिक व्यय करने के मामले में पंचायत दूसरे स्थान पर आ चुकी है। मनरेगा मॉडल पंचायत में मनरेगा से पर्यटन पार्क का निर्माण, स्थानीय युवाओं, महिलाओं व ग्राम पंचायत के लिए आय का स्थायी स्रोत तैयार कर दिया है। इसके अतिरिक्त कृषि व मत्स्य विभाग के साथ खोनागी गांव का कायाकल्प, मनरेगा के तहत 10 मोक्ष धाम, छह महिला स्वयं सहायता समूह केंद्र, दो ग्रामीण हाट, 14 वर्षाशालिकाएं,10 फल संग्रहण केंद्र, चार खेल मैदान व फेंसिग, आगरा रोड स्टोन व कोटा स्टोन से 10 पक्के रास्ते, गंदे पानी की निकासी के लिए 10 नालियां, ग्राम पंचायत भवन, हर गांव में ठोस कचरा प्रबंधन के लिए गड्ढे, 20 बकरी शेड, पांच वर्षा जल संग्रहण टैंक, 18 भूमि सुधार व एक वर्किंग शेड का निर्माण किया है। पंचायत द्वारा मनरेगा के तहत किए कार्यो की डॉक्युमेंट्री बनाई है, जिसका विमोचन कर सरकार ने अन्य पंचायतों को भी मुरहाग पंचायत का अनुशरण कर विकास के नए आयाम स्थापित करने का आह्वान किया है। बीडीओ गोहर ने क्षेत्र में हुए कार्यो का श्रेय प्रदेश सरकार व अधिकारियों को दिया है। जनमंच में मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रधान तेजेंद्र ठाकुर और उनकी टीम सहित खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा की प्रशंसा की।