बदली जाएगी केंद्रीय विद्यालय के बीच से जा रही सड़क
उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा जिला के सभी विद्यालयों में बच्चों को गुणात्मक शिक्षा के साथ हर प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, मंडी : केंद्रीय विद्यालय मंडी के चारों तरफ कांटेदार तार लगाई जाएगी। स्कूल के बीच से गुजर रही सड़क को बंद किया जाएगा। सड़क स्कूल के किनारे से निकाली जाएगी। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को केंद्रीय विद्यालय मंडी की प्रबंधन समिति की बैठक हुई।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय के प्राथमिक विभाग के मैदान का समतल करने का काम 60 फीसद पूरा कर लिया है। स्मार्ट लैब के लिए डेढ़ लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। स्कूल भवन की पुरानी छत के जीर्णोद्वार का काम पूरा कर लिया है। तार लगाने के लिए करीब 14 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बैठक में शैक्षणिक प्रगति, अग्निशमन सुरक्षा प्रमाणपत्र के लिए दी आपत्तियों को दूर करने, कोर्ट मामलों की स्थिति, पेयजल सुविधा के लिए एक बड़े पेयजल टैंक के निर्माण पर चर्चा की। विद्यालय विकास निधि के सत्र 2019-20 के संशोधित बजट का भी अनुमोदन किया गया। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा जिले के सभी विद्यालयों में बच्चों को गुणात्मक शिक्षा के साथ हर प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है। केंद्रीय विद्यालय भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए गुणात्मक शिक्षा प्रदान कर रहा है।