पुलिस हिरासत से भागा चरस तस्करी का आरोपित, एसपी ने तीन पुलिस कर्मचारी किए सस्पेंड
Charas Smuggler fled मंडी पुलिस की हिरासत से चरस तस्करी का आरोपित चकमा देकर फरार हो गया।
मंडी, जेएनएन। मंडी पुलिस की हिरासत से चरस तस्करी का आरोपित चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन पुलिस कर्मी सस्पेंड कर दिए हैं। तीनाें को लाइन हाजिर कर दिया गया है। बताया जा रहा है पुलिस आरोपित को मनाली में निशानदेही करवाने के लिए लेकर गई थी।
नेपाली मूल का चरस तस्कर अस्मान पुलिस ने करीब दो किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा था। सदर पुलिस की टीम आरोपित को निशानदेही के लिए बुधवार को मनाली लेकर गई थी। लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा ने पुलिस थाना सदर के एएसआइ तेज सिंह, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार व एचएचजी बद्रीनाथ को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। तीनों के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
अस्मान से सदर पुलिस ने 10 फरवरी की रात भ्यूली पुल पर करीब दो किलोग्राम चरस पकड़ी थी। आरोपित मनाली से दिल्ली जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में सफर कर रहा था। पूछताछ के दौरान उसने मनाली में एक व्यक्ति से चरस की खेप खरीदने की बात कबूली थी। चरस सप्लायर को दबोचने की मंशा से पुलिस आरोपित को अपने साथ लेकर गई थी। आरोपित द्वारा बताए गए कई ठिकानों पर पुलिस टीम ने दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था।
रात करीब आठ बजे पुलिस आरोपित को वापस मंडी लाने की तैयारी कर रही थी। आलू ग्राउंड के पास हथकड़ी लगाने के दौरान आरोपित ने पुलिस जवान को धक्का दिया और हाथ छुड़वाकर भाग गया। अंधेरा होने की वजह से आरोपित पुलिस के हाथ नहीं लग पाया। पुलिस टीम ने उसकी सूचना तुरंत मनाली पुलिस व पुलिस थाना सदर के उच्च अधिकारियों को दी। मनाली पुलिस की मदद से पुलिस टीम आरोपित को रात भर ढूंढती रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। 19 वर्षीय अस्मान पुत्र जमन गांव व डाकघर मोहर जिला रुकुम नेपाल का रहने वाला है। एसपी मंडी ने बताा कि पुलिस प्रशासन ने आरोपित के भागने की सूचना पड़ोसी राज्यों के पुलिस को भेज दी है। मनाली चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच के लिए जगह-जगह नाके लगाए गए हैं।