हिमाचल के मंडी में दो ट्रकों के बीच टक्कर, हादसे में 4 लोगों की मौत और 8 घायल
मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर हनोगी टनल में दो ट्रकों की भीषण टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई और आठ ...और पढ़ें
HighLights
हनोगी टनल में दो ट्रकों की भीषण टक्कर
हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हुई
आठ गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
जागरण संवाददाता, मंडी। गुरुवार सुबह मनाली कीरतपुर फोरलेन पर हनोगी टनल में हुई दो ट्रकों की भीषण टक्कर में 4लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ गंभीर रूप से घायल हैं। टनल के अंदर आमने सामने ये दोनों ट्रक टकराए हैं।
वीरवार सुबह के समय एक ट्रक मंडी से कुल्लू, और दूसरा कुल्लू से मंडी की ओर आ रहा था। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग माना जा रहा है। टनल के अंदर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रहती है।
वहीं हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस के जरिये घायलों को पहले नगवांई अस्पताल ले जाया गया, जहां पर 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो की हालत को देखते हुए मंडी अस्पताल रेफर किया गया है, इनमें से भी एक की हालत ज़्यादा गंभीर है।
वहीं सूचना मिलते ही डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
