राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल जीतने पर मनाली में सक्षम का स्वागत
शहर के बॉक्सिंग खिलाड़ी सक्षम ने विश्वविद्यालय राष्ट्रीय बॉक्सिंग स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है।
जागरण संवाददाता, मनाली : शहर के बॉक्सिंग खिलाड़ी सक्षम ने विश्वविद्यालय राष्ट्रीय बॉक्सिंग स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। प्रतियोगिता राजस्थान के जयपुर में 21 से 28 फरवरी तक हुई। प्रतियोगिता में प्रदेश से 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ था, लेकिन सक्षम ही दमखम दिखा पाया। प्रतियोगिता में 190 विश्वविद्यालयों के 1200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मनाली के सक्षम ने 75 किलोग्राम वर्ग में प्रदेश को सिल्वर दिलाया।
इससे पहले अक्टूबर में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सक्षम ने बेहतर प्रदर्शन कर एक गोल्ड, तीन सिल्वर व दो कांस्य पदक जीते थे। प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्य्क्ष राजेश भंडारी ने बताया कि सक्षम ने प्रदेश को सिल्वर मेडल दिलाया है। जिला कुल्लू बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर ने भी सक्षम को बधाई दी। सक्षम ठाकुर का भाई मानक ठाकुर भी राष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी है। सक्षम ने बताया कि उनके भाई हित कोच अनुराग वर्मा, सुरेश बेटन का मेडल के लिए अहम योगदान रहा। सक्षम शिमला यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। वीरवार शाम को सक्षम बजौरा पहुंचा तो कोच धर्मवीर सहित बजौरा स्कूल के प्रधानाचार्य रहमत अली, अध्यापक यशपाल, अमित नारंग, पूर्ण देव, चेतन ने उसका स्वागत किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं खेल मंत्री गोविद ठाकुर ने भी सक्षम को बधाई दी है।