'न घर लौट पा रहे, ना ही...', कुल्लू के भटकांडा में 7 दिन से फंसे 23 पर्यटकों का छलका दर्द; सुरंग लीकेज से सड़क बंद
पार्वती जल विद्युत परियोजना के एडिट-5 सुरंग लीकेज से सैंज-भटकांडा मार्ग बंद हो गया है, जिससे 23 पर्यटक सात दिनों ...और पढ़ें
-1790261182872_m.webp)
कुल्लू के भटकांडा में 7 दिन से फंसे 23 पर्यटक। फाइल फोटो
HighLights
पार्वती परियोजना सुरंग लीकेज से सैंज-भटकांडा मार्ग अवरुद्ध।
भटकांडा में 23 पर्यटक सात दिनों से फंसे, परेशानी बढ़ी।
स्थानीय विरोध के कारण सड़क बहाली कार्य अटका हुआ।
झावे राम ठाकुर, सैंज (कुल्लू)। पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण-दो के एडिट-5 सुरंग लीकेज के बाद सड़क पर आया मलबा अब पर्यटकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। मार्ग बंद होने से भटकांडा में 23 पर्यटक सात दिन से फंसे हैं। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जयपुर, असम और तमिलनाडु से आए यह पर्यटक 18 सितंबर को बच्चों का जन्मदिन मनाने और भटकांडा की वादियों का आनंद लेने पहुंचे थे।
19 सितंबर को सुरंग लीकेज के बाद सड़क बंद हुई, लेकिन सात दिन बाद भी आवाजाही बहाल नहीं हो सकी। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और सुरंग लीकेज से प्रभावित परिवारों के विरोध के कारण सड़क बहाली का काम अटका हुआ है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि पहले नुकसान का उचित आकलन और लिखित समझौता किया जाए, उसके बाद ही सड़क खोलने दी जाएगी।
बिगड़ गया यात्रा का बजट
इसके चलते वंश ग्रीन व्यू और रैबिट होमस्टे में ठहरे पर्यटक फंसे हुए हैं। जयपुर से आए पर्यटक भानु प्रताप ने कहा कि वह सात दिन से सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं वाहन भी फंसे हैं। लंबे समय तक रुकने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और यात्रा का बजट बिगड़ गया है।
भटकांडा में जयपुर के भानु प्रताप व तुषार, सहारनपुर के रिदम गुप्ता व माधव गुप्ता, तमिलनाडु के कुलोथुंगन और असम के ऋषिकेश समेत अन्य पर्यटक रुके हैं। सड़क बंद होने का सीधा असर पर्यटन कारोबार पर पड़ा है। होमस्टे संचालकों के अनुसार कई पर्यटक समूहों ने बुकिंग रद कर दी और दूसरे पर्यटन स्थलों का रुख कर लिया। इससे होमस्टे, होटल और स्थानीय कारोबारियों को नुकसान हो रहा है।
वाहन छोड़ टैक्सी से लौटेंगे पर्यटक
वंश ग्रीन व्यू होमस्टे के संचालक लिखित राम ने कहा कि वीरवार शाम तक सड़क बहाल नहीं हुई तो आठ पर्यटक अपनी गाड़ियां होमस्टे में छोड़कर टैक्सी से घर लौटेंगे। बच्चों की पढ़ाई और जरूरी काम प्रभावित होने से पर्यटक अब वापस जाने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द मार्ग बहाल करवाने की मांग की।
चार बुकिंग रद, दो लाख का नुकसान
रैबिट होमस्टे के संचालक बलमकुंद ने बताया कि उनके यहां 12 पर्यटक अभी भी फंसे हैं। सड़क बंद होने के कारण चार पर्यटक समूह बुकिंग रद्द कर चुके हैं। इससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नए पर्यटक भी यहां आने से कतरा रहे हैं।
तीन पर्यटक दिल्ली लौटे
स्काई माउंट काटेज के संचालक छपे राम ने बताया कि दिल्ली से आए तीन पर्यटक मार्ग नहीं खुलने के कारण वीरवार को टैक्सी से वापस लौट गए। उनका कहना है कि सड़क बंद होने से पर्यटकों की यात्रा के साथ स्थानीय पर्यटन कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
