हिमाचल में काला कारोबार करने वाले दो तस्कर दिल्ली से गिरफ्तार
कुल्लू पुलिस ने दिल्ली से दो चिट्टा सप्लायरों को गिरफ्तार किया है ये लोग हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने का काम करते थे।
कुल्लू, जेएनएन। कुल्लू पुलिस ने हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने वाले दो सप्लायरों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों को कुल्लू ले आई है। आरोपितों की पहचान 23 वर्षीय सेरी पुत्र हुबर्ट निवासी आइवरी कोस्ट पश्चिमी अफ्रीका व 30 वर्षीय सैम्युल निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने पिछले दिनों पतलीकूहल में एक युवक को 46 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। पूछताछ में उसने दिल्ली से उक्त आरोपितों से चिट्टा खरीदने की बात कही और उनके नाम बताए।
इसके बाद इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एसआइ दयाराम, एचसी बीनू ठाकुर, कांस्टेबल विकास, संदीप राणा, प्रेम, विशाल शामिल ने दिल्ली में दबिश देकर दोनों चिट्टा सप्लायरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में यह बात सामने आई है कि सेरी कुल्लू सहित अन्य जिलों में चिट्टा सप्लाई करता है। वह डिमांड के अनुसार ग्राहकों को चिट्टा सप्लाई करता था। सैम्युल पैसे के लेन-देन का काम संभालता था। दोनों आरोपित दिल्ली में बिना वीजा व पासपोर्ट के रह रहे थे। पुलिस दोनों से प्रदेश में उनके संपर्कों की जानकारी हासिल करेगी। एसपी कुल्लू गौरव सिंह का कहना है कि हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने वाले आरोपितों को स्पेशल टीम ने दिल्ली में पकड़ा है। पुलिस दोनों को कुल्लू ले आई है।
हेरोइन मामले में नाइजीरियन सहित दो आरोपित गिरफ्तार
ठाकुरद्वारा में सात दिसंबर को 20.5 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार दो विद्यार्थियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने दिल्ली में एक नाइजीरियन सहित दो को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान मुख्य सरगना पिन थियोपिलस डुब्यूसी नवासू निवासी नाइजीरिया व परीक्षित उर्फ मोस्क निवासी पपरोला जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। एसआइटी टीम दोनों आरोपितों को भवारना लेकर आई है।
दिल्ली से बैजनाथ आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस में सवार आरोपित सुनील निवासी आशापुरी व जयंत निवासी सलियाना से नारकोटिक्स सेल धर्मशाला ने ठाकुरद्वारा में 20.5 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपितों ने पूछताछ में बताया था कि उन्होंने हेरोइन दिल्ली में खरीदी थी। इस पर एसआइटी की टीम ने दिल्ली में दबिश देकर नाइजीरियन सहित दो लोगों को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया है। निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार के नेतृत्व में जिला कांगड़ा एसआइटी टीम के एएसआइ सुरेंदर सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल, संदीप व कांस्टेबल अश्वनी व सुनील शामिल थे। डीएसपी पालमपुर डॉ. अमित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
हेरोइन सहित एक गिरफ्तार
पुलिस ने तौकी बैरियर में 6.27 ग्राम हेरोइन सहित छन्नी बेली निवासी जोनी उर्फ जोना कुमार को गिरफ्तार किया है। डमटाल थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया ने टीम सहित गश्त करते हुए आरोपित को दबोचा है। डीएसपी नूरपुर साहिल आरोड़ा ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
Mumbai Brutal Murder: भतीजी की हत्या, ड्रम में सीमेंट कंक्रीट भर नदी में फेंका; आरोपी चाचा फरार