पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही शुरू
रोहतांग दर्रे में वीरवार रात से वाहनों की आवाजाही बंद दी लेकिन अब मौसम साफ होते ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।
मनाली, जेएनएन। रोहतांग दर्रे में वीरवार रात बर्फबारी होने से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी। लेकिन शुक्रवार को मौसम साफ होने से मनाली-केलंग मार्ग पर में सुचारू हो गई। इससे लाहुल के लोगों को राहत मिली है। खिली धूप के बीच सैलानियों ने रोहतांग दर्रे में बर्फ की चांदी का लुत्फ उठाया।
दशहरा उत्सव शुरू होने से यहां के लोगों ने कुल्लू का रुख कर लिया है। शुक्रवार को 60 से अधिक वाहनों ने लाहुल से कुल्लू का रुख किया। मौसम साफ होता देख प्रशासन ने ऑनलाइन परमिट प्राप्त पर्यटक वाहनों को रोहतांग जाने की अनुमति दे दी। सुबह से ही पर्यटक वाहनों का रोहतांग पहुंचना शुरू हो गया, जो दोपहर तक जारी रहा। सभी पर्यटन स्थलों में सैलानियों का जमघट लगा हुआ है।
पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ने से डोभी पुल, कटराईं, पतलीकूहल, क्लॉथ, आलू ग्राउंड व रांगड़ी में जाम लग रहा है। रोहतांग मार्ग पर भी मढ़ी से ऊपर व चुंबक मोड़ के समीप जाम लगने से पर्यटक परेशान हो रहे हैं। चालक नरेंद व प्रताप ने बताया कई घंटे तक जाम लग रहा है। होटल संचालक किशन व रवि ने बताया सैलानियो की आमद बढ़ने से मनाली में रौनक लौट आई है।
दिन में सैलानी रोहतांग में बर्फ का दीदार कर रहे है, जबकि देर शाम मनाली माल रोड में घूमने का आनंद उठा रहे हैं। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया मौसम साफ होने पर रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल कर दिया है। ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। रोहतांग दर्रे पर पर्यटक वाहनों की आवाजाही आगे भी मौसम पर निर्भर रहेगी।